MP News: ‘विकसित केरलम’ के बहाने MP मॉडल का प्रदर्शन, भोपाल में CM मोहन यादव प्रतिनिधिमंडल से संवाद करेंगे
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: केरल की राजनीति में अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिशों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ कार्यक्रम के तहत एक अहम रणनीतिक कदम उठाया है. 14 और 15 फरवरी को केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल भोपाल और ग्वालियर के दौरे पर रहेगा. यह प्रवास केवल शहरी विकास योजनाओं का अध्ययन भर नहीं, बल्कि दक्षिण भारत के इस महत्वपूर्ण राज्य में राजनीतिक विस्तार की दृष्टि से भाजपा की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा माना जा रहा है.
राज्यपाल मंगुभाई पटेल से प्रतिनिधियों की भेंट प्रस्तावित
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं प्रतिनिधिमंडल से संवाद करेंगे, जबकि ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुलाकात करेंगे. 15 फरवरी को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से भी प्रतिनिधियों की भेंट प्रस्तावित है. इन उच्चस्तरीय मुलाकातों को भाजपा संगठन राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है कि पार्टी शासित राज्यों के ‘गवर्नेंस मॉडल’ को राष्ट्रीय स्तर पर साझा कर एक वैकल्पिक विकास नैरेटिव गढ़ना चाहती है. दरअसल केरल में लंबे समय से वामपंथी दलों और कांग्रेस के बीच सीधी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही है. भाजपा अब स्थानीय निकाय स्तर से अपनी उपस्थिति मजबूत कर राज्य की मुख्यधारा की राजनीति में निर्णायक भूमिका पाने की रणनीति पर काम कर रही है. मध्यप्रदेश के स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर, मेट्रो परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, रिवरफ्रंट और झील पुनर्जीवन जैसे प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कराना इसी राजनीतिक ब्रांडिंग का हिस्सा माना जा रहा है. पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि ‘डबल इंजन सरकार’ के तहत विकास योजनाओं का क्रियान्वयन तेज और प्रभावी होता है.
साउथ की तैयार होगी रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ‘मॉडल स्टेट एक्सचेंज’ की रणनीति पर काम कर रही है. कर्नाटक में सत्ता अनुभव के बाद अब केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में संगठनात्मक विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. केरल के जनप्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश के नगरीय विकास ढांचे से परिचित कराना भविष्य में स्थानीय स्तर पर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी भी हो सकती है.
संस्कृति और सभ्यता के साथ संगठन पर भी होगी चर्चा
ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निवास पर पुष्पांजलि कार्यक्रम और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी राजनीतिक-सांस्कृतिक जुड़ाव का संकेत देता है. कुल मिलाकर यह दौरा केवल प्रशासनिक अध्ययन यात्रा नहीं, बल्कि केरल में भाजपा के राजनीतिक विस्तार, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और विकास आधारित विमर्श को मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
ये भी पढे़ं: MP News: प्रेमिका ने डेढ़ करोड़ देकर पत्नी से पति को खरीदा! प्रेमी के प्यार के लिए घर और कैश की शर्त मानी