‘परजीवियों’ वाले होर्डिंग पर सियासी बवाल! BJP ने राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को परजीवी बताया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फाडे़ पोस्टर
भोपाल में 'परजीवी' वाले पोस्टर को लेकर बवाल हो गया.
Bhopal Parjeevi Poster: महिला आरक्षण को लेकर लोकसभा में बिल पास ना होने के बाद से लगातार सियासी घमासान मचा हुआ है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी के साथ ही अब पोस्टर के जरिए भी एक-दूसरे पर हमला किया जा रहा है.
अभी ताजा मामला राजधानी भोपाल का है. यहां बीजेपी के ‘परजीवी’ वाले पोस्टर पर जमकर बवाल हो गया. बीजेपी कार्यालय के सामने लगे पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा ममता बनर्जी, एमके स्टालिन और अखिलेश यादव को परजीवी बताया गया था. जैसे ही इसकी जानकारी कांग्रेस को मिली, तो युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़ दिए. जिसके बाद जमकर बवाल हुआ.
‘परजीवियों ने मिलकर महिलाओं का हक छीन लिया’
मध्य प्रदेश बीजेपी मुख्यालय के बाहर लगे होर्डिंग में महिला आरक्षण बिल की बात की गई थी. इसमें विपक्ष पर हमला बोला गया था. होर्डिंग में लिखा था, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोक दिया. इन परजीवियों ने मिलकर महिलाओं का हक छीन लिया.’
वहीं बीजेपी के पोस्टर लगाने के बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए. कार्यकर्ताओं ने परजीवी वाले पोस्टर और होर्डिंग फाड़ दिए. इसके बाद दोनों पार्टियों के नेताओं में तीखी बयानबाजी देखी गई.
‘राजनीतिक परजीवियों ने भारत की बेटियों का हक मारा है’
वहीं पूरे मामले पर विवाद के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. बीजेपी नेताओं ने कहा कि जैसे एक परजीवी दूसरों का हक मारकर अपना भोजन प्राप्त करता है. वैसे ही ये राजनीतिक परजीवी हैं. इन्होंने भारत की बेटियों का हक मारा है.
शाजापुर में भी देखी गई पोस्टर वार
महिला आरक्षण से जुड़े तीनों बिल लोकसभा में गिरने के बाद मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार देखे जा रहे हैं. इसके पहले शाजापुर जिले के देवास में भी बीजेपी सांसद और कांग्रेस के पूर्व विधायक के बीच में पोस्टर देखी गई. बीजेपी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने महिला आरक्षण बिल गिरने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा था. बीजेपी सांसद ने एक फेसबुक पर एक पोस्टर जारी किया था. जिसमें राहुल गांधी को वांटेड बताया था. वहीं सांसद की पोस्ट पर कांग्रेस के पूर्व विधायक और राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने पलटवार किया था. चौधरी ने बीजेपी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी को Missing बताते हुए एक पोस्टर जारी किया था. जिसमें लिखा था कि महेंद्र सिंह सोलंकी लापता हैं और किसानों से डरे हुए हैं. जो खुद लापता है, वो राहुल गांधी को वांटेड बता रहा है.
ये भी पढे़ं: CM मोहन यादव का तमिलनाडु दौरा कल, विधानसभा चुनाव में करेंगे प्रचार; 23 अप्रैल को होनी है वोटिंग