Vistaar NEWS

MP News: 100 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय को 4 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला, जौरा में गौसेवकों ने पेश की मानवता की मिसाल

Cow rescuers pulled the cow out of the well.

गौ सेवकों ने गाय को कुएं से निकाला

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले के जौरा ब्लॉक के अरहेला गांव में आज गौसेवकों ने अदम्य साहस, समर्पण और सेवा भाव का परिचय दिया. गांव के एक पानी से भरे कुएं में गाय गिरने की सूचना पुलिस आरक्षक सोनू ठाकुर ने गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह को दी. सूचना मिलते ही गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह अपनी टीम के साथ बचाव कार्य का आवश्यक सामान लेकर मौके पर पहुंचे.

ग्रामीणों ने बताई स्थिति की गंभीरता

गांव वालों ने गौसेवकों को बताया कि उन्होंने स्वयं कुएं में उतरकर गाय को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन वे उसे बांध नहीं पाए. इसके बाद गौसेवक सुदामा कुशवाह रस्सी और सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन आधे रास्ते में जहरीली गैस बनने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा.

पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया. कुएं में पानी डालकर जहरीली गैस के प्रभाव को कम करने का प्रयास किया गया. इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

100 फीट से अधिक गहरे और सकरे कुएं में चला रेस्क्यू

कुआं सकरा और 100 फीट से अधिक गहरा था, जिसमें गाय दिखाई भी नहीं दे रही थी. ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में गौसेवक सुदामा कुशवाह दोबारा कुएं में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित तरीके से बांधने में सफल रहे.

4 घंटे की मेहनत के बाद मिली सफलता

लगातार 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गौवंश को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया. बाहर निकालने के तुरंत बाद पशु चिकित्सक से उसका प्राथमिक उपचार कराया गया. उपचार के बाद गौमाता पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ बताई जा रही है.

गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह ने किया सभी का आभार व्यक्त

गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह ने कहा कि गौमाता हमारी आस्था है. टीम और गांव वालों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था. पुलिस आरक्षक सोनू ठाकुर, राहुल सिंह राजावत, जौरा एसडीएम शुभम शर्मा, जौरा थाना प्रभारी ओपी रावत और प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला. सभी से निवेदन है कि खुले कुएं और गड्ढों को तुरंत ढकवाएं, ताकि बेजुबान पशुओं की जान बचाई जा सके.

इन लोगों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

इस सराहनीय कार्य में गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह, वृंदावन मुद्गल, आशीष सागोरिया, सुदामा कुशवाह, जितेंद्र राठौर, हर्ष गौड़, आशीष सिकरवार, राजा परिहार, सुनील सिकरवार, रिंकू राठौर, छोटू, विष्णु गौड़, सचिव-सरपंच के साथ-साथ पुलिस, फायर ब्रिगेड और समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. ग्रामीणों ने सभी गौसेवकों और प्रशासनिक टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मानवता और जीव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया.

ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में फर्जी दिव्‍यांग प्रमाण पत्रों का मामला गरमाया, प्रशासन ने दिखाई सख्‍ती, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

Exit mobile version