MP News: मुरैना में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्रों का मामला गरमाया, प्रशासन ने दिखाई सख्ती, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
Fake disability certificate case in Morena
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना जिले में शिक्षकों के कथित फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्रों के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मुरैना ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर संदिग्ध दिव्यांग प्रमाण पत्रों की प्रतियों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं. इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है.
प्रमाण पत्रों की सत्यता पर उठे सवाल
कलेक्टर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, जिला चिकित्सालय मुरैना द्वारा जारी बताए जा रहे कुछ दिव्यांग प्रमाण पत्रों की सत्यता पर सवाल खड़े हुए हैं. मामले की प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि इन प्रमाण पत्रों के आधार पर विभिन्न लाभ लिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है.
सिविल सर्जन ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने अपने प्रतिवेदन में स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्तियों के नाम से जिला चिकित्सालय में कोई दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए हैं. इस खुलासे के बाद प्रमाण पत्रों की वैधता पर गंभीर संदेह उत्पन्न हो गया है और प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच कराने का निर्णय लिया है.
जिला शिक्षा अधिकारी को दिए निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि संलग्न सूची में शामिल सभी संदिग्ध दिव्यांग प्रमाण पत्रों की जांच कराई जाए. साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की जाएगी.
दोषियों पर हो सकती है कड़ी कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी प्राप्त करने या अन्य सरकारी लाभ लेने वालों पर भी गाज गिर सकती है. प्रशासन की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
ये भी पढे़ं- MP News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश बेअसर! शहर में फर्राटे भर रहे अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर, आमने-सामने भिड़ीं दो ट्रॉलियां