मेयर-पूर्व सांसद की गली बनी ‘नरक’! चार साल से सड़क-नाली गायब, मुरैना में गंदे पानी में जीने को मजबूर हैं लोग

रहवासियों का कहना है कि महापौर से कई बार शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिला, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी हालात नहीं बदले. लोगों ने आरोप लगाया है कि विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि उनकी गली आज भी बदहाल पड़ी है.
In Morena, the accumulation of filth in the drains has made life miserable for the residents.

मुरैना में नाली में गंदगी भरने से रहवासियों का जीना दूभर हो गया है.

Input- मनोज शर्मा

MP News: मुरैना में वार्ड क्रमांक-10 में स्थित पूर्व सांसद बाबूलाल सोलंकी की गली में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है. हैरानी की बात यह है कि जिस गली से पूर्व सांसद और महापौर का सीधा जुड़ाव है, वहीं के रहवासी पिछले चार वर्षों से सड़क और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रहे हैं.

‘CM हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं’

गली के एक दर्जन से अधिक महिला-पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की. रहवासियों ने आरोप लगाया है कि सीएम हेल्पलाइन, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक न तो पक्की सड़क बनी और न ही जल निकासी की व्यवस्था की गई.

‘आए दिन बच्चे और बुजुर्ग घायल होते हैं’

स्थानीय निवासी राहुल ने बताया कि गली में सालभर गंदा पानी भरा रहता है. जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं. इसी समस्या का शिकार हुईं. रामकली कमर में बेल्ट बांधकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं. उन्होंने बताया कि गंदे पानी में फिसलने से उन्हें गंभीर चोट लगी थी.

रहवासियों का कहना है कि महापौर से कई बार शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिला, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी हालात नहीं बदले. लोगों ने आरोप लगाया है कि विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि उनकी गली आज भी बदहाल पड़ी है.


जाम नाला बना मुसीबत की जड़

रहवासियों के मुताबिक गली में बने दो नालों में से एक बड़े नाले से जुड़ा होने के बावजूद पूरी तरह जाम पड़ा है, जबकि दूसरा नाला किसी मुख्य नाले से जोड़ा ही नहीं गया. यही वजह है कि बरसात ही नहीं, सामान्य दिनों में भी गली में पानी भरा रहता है. पक्की सड़क नहीं होने के कारण लोगों ने अपने खर्च पर घरों के सामने मुरम डालकर रास्ता ऊंचा कर लिया है, जिससे जलभराव की समस्या और बढ़ गई है.
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

ये भी पढ़ें: Shivpuri: एंबुलेंस न मिलने पर सड़क किनारे हुई डिलीवरी, तहसीलदार ने जच्चा-बच्चा को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल

ज़रूर पढ़ें