ग्वालियर हादसा: घायलों की सुध लेने खुद ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मुख्यमंत्री, डॉक्टरों को दिए उचित इलाज के निर्देश
सीएम मोहन यादव पहुंचे ट्रामा सेंटर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात शीतला माता मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए ट्राम सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है. अब सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव हादसे में घायलों का हाल जानने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे हैं. उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजदू हैं. सीएम ने सभी घायलों से मिलकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों ने उचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं.
इस दौरान सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की. मुख्यमंत्री के इस दौरे से पहले जयरोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर परिसर में चारों तरफ बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी. गौरतलब है कि कल यानी रविवार 18 अक्टूबर की शाम को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी घायलों का हाल जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे थे. इस दौरान उनके स्वागत में विछाए गए रेड कॉर्पेट को लेकर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की थी.
कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा
गौरतलब है कि, शनिवार 17 अक्टूबर को ग्वालियर से लगभग 26-27 किलोमीटर दूर चिनौर रोड पर प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर स्थित है। नवरात्रि का समय होने के कारण रात के समय भी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए कतारों में खड़ी थी और कुछ लोग विश्राम कर रहे थे.
इसी दौरान पंजाब पासिंग नंबर का धान से लदा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक वहां पहुंचा. ढलान वाले रास्ते पर बेकाबू होकर ट्रक ने लाइन में खड़े करीब 40-45 श्रद्धालुओं को बेरहमी से कुचल दिया. लोगों को रौंदते हुए ट्रक मंदिर की दीवार से जा टकराया. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 26 लोग घायल हुए थे, जिनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है.
सीएम के निर्देश के बाद सख्त एक्शन
इस घटना के बाद सीएम मोहन यादव के सख्त निर्देश के बाद झांसी रोड के सिटी एसपी (सीएसपी) रवि भदौरिया को पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही तीन थाना प्रभारियों और एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: उज्जैन कलेक्टर ने निभाई 2000 साल पुरानी परंपरा, चौबीस खंभा मंदिर में लगाया शराब का भोग, जानें क्या है प्रथा