‘ये क्या तमाशा है…’, ग्वालियर में 15 लोगों की मौत के बीच अस्पताल में बिछाया ग्रीन कार्पेट, ज्योतिरादित्य सिंधिया का फूटा गुस्सा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात शीतला माता मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया. चीनौर रोड पर ढलान के नजदीक भूसे से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया. हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए है, जिनका इलाज जारी है. हादसे के बाद घायलों का हाल जानने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ट्रामा सेंटर पहुंचें.
गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी-सिंधिया
इसी दौरान उनके दौरे से पहले अस्पताल में विछाए गए ग्रीन कार्पेट पर वो भड़क उठे. ग्वालियर पहुंचे ज्योरादित्य सिंधिया ने ट्रामा सेंटर में भर्ती घयालों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों के हालात के बारे में जानकारी ली. इसके बाद सिंधिया ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है.
सिंधिया ने बताया कि दो मरीजों के पेल्विक बोन में फ्रैक्चर होने की जानकारी भी सामने आई है. गंभीर मरीजों को स्थिर करने के बाद आगे के लिए इलाज और सर्जरी का फैसला लिया जाएगा. उन्होंने घटना की विस्तृत जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा.
अस्पताल में बिछाए गए ग्रीन कार्पेट
इसी बीच सिंधिया ने अस्पताल में बिछाए गए ग्रीन कार्पेट को लेकर नाराजगी भी जाहिर की. दरअसल इस बीच सिंधिया के अस्पताल पहुंचने से पहले ट्रॉमा सेंटर में की गई तैयारियों की तस्वीरों ने एक अलग सवाल खड़ा कर दिया. अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कराई गई. इसी पर वह भड़क गए उन्होंने कहा कि ये सब क्या तमाशा फैला रखा हैं.
ये भी पढ़ें: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में 3 पर FIR, मरने से पहले लिया था इन लोगों का नाम