ये कैसी सनक! फोन चलाने से रोका तो छोड़ दिया घर, दिल्ली में इस हाल में मिलीं ग्वालियर की 3 सगी बहनें

ग्वालियर में एक पिता ने अपनी तीन बेटियों को फोन चलाने पर डांटा तो वे घर छोड़कर भाग गईं. पुलिस को तीनों बहनें दिल्ली के एक चाइल्ड केयर सेंटर में मिली हैं. जानें पूरा मामला.
Gwalior News

थाना मुरार, ग्वालियर

आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट जितना उपयोगी है, उतना ही ये खतरनाक भी है. इस बात में कोई दोराय नहीं है. सबसे ज्यादा बच्चों में फोन और रील्स की लत देखने को मिल रही है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां पर बच्चों को पिता ने फोन चलाने से रोका तो वे इतने नाराज हुए कि घर छोड़कर दिल्ली भाग गए. बाद में पुलिस की मदद से बच्चों को सुरक्षित दिल्ली में खोज लिया गया.

तीन सगी बहनें चला रही थीं फोन

दरअसल ये पूरा मामला, ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. बीते 27 अक्तूबर को 14, 16 और 18 साल की तीन सगी बहनें फोन चला रही थीं. तभी पिता ने एक बेटी को फोन चलाने से मना किया और डांट लगा दी. इस पर तीनों ने किसी को कुछ नहीं बताया और चुपचाप घर से बाहर निकल गईं. जब वे तीनों काफी देर तक वापस घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई. इस पर पिता ने तुरंत जाकर पुलिस में शिकायत की और सारी बात बताई.

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मामला दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों बहनें दिल्ली के एक चाइल्ड केयर सेंटर में हैं. तीनों को वापस ग्वालियर लाने के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई है. पुलिस ने बताया कि पिता की डांट तीनों बच्चियों को इतनी बुरी लगी कि उन्होंने घर छोड़ने जैसा खौफनाक कदम उठा लिया.

विशेष टीमों का किया गया था गठन

ग्वालियर एसपी ने इस मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया था, साथ ही साइबर सेल को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लड़कियों के संभावित रास्ते बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसी से पुलिस के हाथ सुराग लगा कि लड़कियां ग्वालियर से ट्रेन पकड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं.

इसके बाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम से संपर्क किया और मोबाइल लोकेशन के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों को ट्रैक करना शुरू किया. आखिरकार तकनीकी इनपुट और दिल्ली पुलिस की मदद से तीनों लड़कियों को खोज लिया गया और अब उन्हें वापस ग्वालियर लाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Bhopal News: भोपाल के अयोध्या नगर के बाद शाहपुरा थाने पर साइबर अटैक, डेटा को किया इन्क्रिप्ट

ज़रूर पढ़ें