Morena: विद्यालय के काम ठप, जिम्मेदार मनाली ट्रिप पर! कलेक्टर का नोटिस बना चर्चा का विषय

देवलालपुरा हाई स्कूल में विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण और अन्य शासकीय कार्य समय पर पूर्ण नहीं हुए हैं लेकिन जिम्मेदार मनाली की ट्रिप पर है. इस मामले में कलेक्टर ने नोटिस जारी किया है.
Morena news

कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

मुरैना/मनोज शर्मा: देवलालपुरा हाई स्कूल में विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण और अन्य शासकीय कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने के मामले में कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने सख्ती दिखाते हुए प्रभारी प्राचार्य इंदौलिया को नोटिस जारी किया है. कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं.

जानकारी के अनुसार विद्यालय में अपार आईडी, यू-डाइस डेटा अपडेट, नामांकन सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य लंबित बताए जा रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासनिक स्तर पर इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जवाब तलब किया गया है.

स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का आरोप

वहीं स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ लगातार शिकायतें की जा रही थीं और जिसके पास विद्यालय का प्रभार है, उसके विरुद्ध कार्रवाई के बजाय उसे विभागीय संरक्षण दिया जा रहा है. आरोप है कि जिला शिक्षा अधिकारी की कृपा से संबंधित कर्मचारी को मनाली भ्रमण पर भेज दिया गया, जबकि विद्यालय में आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विद्यालय की व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं. अब कलेक्टर द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

क्या है लोगों की मांग?

फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि विद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें.

ये भी पढ़ें: MP में यात्रियों की जेब पर पड़ सकता है असर! बस ऑपरेटर्स ने दी चेतावनी, किराए बढ़े नहीं तो करेंगे हड़ताल

ज़रूर पढ़ें