भोज विश्वविद्यालय की परीक्षा में नकल माफिया हावी! जमीन पर बैठकर छात्र एग्जाम देने को मजबूर
मुरैना के भोज विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स जमीन पर बैठकर परीक्षा देने को मजबूर हैं.
Input- Manoj Sharma
MP News: मुरैना में भोज विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में अव्यवस्थाओं और नकल के गंभीर आरोप सामने आए हैं. जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि निर्धारित शासकीय महाविद्यालय की जगह कुछ दिनों तक एक निजी महाविद्यालय आचार्य नरेंद्र देव महाविद्यालय में परीक्षाएं आयोजित कराई गईं. मामले की शिकायत होने के बाद परीक्षाएं पुन शासकीय महाविद्यालय में कराई जाने लगीं.
परीक्षा केंद्रों पर खुलेआम करवाई जा रही नकल
आरोप है कि परीक्षा केंद्रों पर नकल माफिया सक्रिय हैं और खुलेआम नकल कराई जा रही है. परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर नकल कराने वाले लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
वहीं परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव देखने को मिल रहा है. छात्रों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण कई परीक्षार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ रही है. इससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रों और अभिभावकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा परीक्षा केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह उच्च शिक्षा व्यवस्था की साख पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.
ये भी पढे़ं: इंदौर नगर निगम की राजनीति में बड़ा उलटफेर, 4 बार के पार्षद चिंटू चौकसे ने अपने पद से इस्तीफा दिया