मुरैना में जलभराव में डूबा अंबाह, पानी में उतरकर लोगों का प्रदर्शन; CMO के नाम पर प्रतीकात्मक रूप से ‘रिश्वत’ दी
मुरैना में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने सीएमओ को प्रतीकात्मक रूप से 'रिश्वत' देकर प्रदर्शन किया.
Input- मनोज शर्मा
MP News: मुरैना के अबाह में पहली बारिश ने ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी. जलभराव और दलदल से त्रस्त शहरवासियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया. नाराज नागरिक सड़कों पर उतर आए और जलभराव वाले इलाके में पानी के बीच बैठकर अनोखा धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए “नगर पालिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए.
प्रतीकात्मक रूप से रिश्वत देने का निवेदन दिया
वहीं जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने बड़ी संख्या में रैली निकालते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पालिका सीएमओ सरिव कौशल के नाम प्रतीकात्मक रूप से अपनी-अपनी जेब से पैसे एकत्रित कर विकास कार्य कराने के लिए ‘रिश्वत’ देने का निवेदन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर विकास कराने के लिए पैसे चाहिए तो हमसे ले लो, लेकिन शहर को जलभराव और गंदगी से मुक्ति दिलाओ.
मोहल्लों में सड़कें तालाब में तब्दील हुईं
शहरवासियों ने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान अंबाह के कई मोहल्लों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने जल्द ही जल निकासी, सड़क मरम्मत और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. फिलहाल इस विरोध प्रदर्शन की चर्चा पूरे शहर में हो रही है. अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन जनता के इस अनोखे विरोध के बाद कितनी गंभीरता से शहर की समस्याओं का समाधान करता है.
ये भी पढ़ें: मेयर-पूर्व सांसद की गली बनी ‘नरक’! चार साल से सड़क-नाली गायब, मुरैना में गंदे पानी में जीने को मजबूर हैं लोग