MP News: कच्ची शराब के खिलाफ आदिवासी महिलाओं का बड़ा एक्शन, लाठियां लेकर अवैध ठिकानों पर बोला धावा, सामान किया नष्ट
महिलाओं ने कच्ची शराब दुकान में सामान किया नष्ट
MP News: शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के कफार गांव में गुरुवार को आदिवासी महिलाओं ने कच्ची शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. करीब दो हजार की आबादी वाले इस गांव में महिलाओं ने एकजुट होकर हाथों में लाठियां लीं और गांव में संचालित कई कच्ची शराब के ठिकानों पर पहुंचकर शराब बनाने की सामग्री नष्ट कर दी. तैयार कच्ची शराब और महुआ को भी सड़क पर फेंक दिया. इस कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं.
घरेलू हिंसा और विवाद से परेशान थीं महिलाएं
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि गांव में वर्षों से खुलेआम कच्ची शराब बनाई जा रही है. इससे पुरुषों को आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है, जिसके कारण घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, मारपीट और आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं. उनका कहना है कि कई परिवार इस लत के कारण बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार आबकारी विभाग और पुलिस से अवैध शराब के कारोबार की शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. अधिकारियों की निष्क्रियता से परेशान होकर महिलाओं ने स्वयं ही मोर्चा संभालने और अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई करने का फैसला लिया.
शराब बनाने के उपकरण तोड़े
महिलाओं के अनुसार, गांव में वीरन आदिवासी और जितेंद्र सहित तीन-चार स्थानों पर कच्ची शराब बनाई जा रही थी. महिलाओं ने इन ठिकानों पर पहुंचकर शराब बनाने के उपकरण तोड़ दिए और तैयार कच्ची शराब के साथ महुआ भी नष्ट कर दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में गांव में दोबारा कच्ची शराब बनाने का काम शुरू हुआ तो वे फिर इसी तरह एकजुट होकर विरोध करेंगी.
बैठक में लिया गया था शराबबंदी का फैसला
ग्रामीणों ने बताया कि 12 जुलाई को आदिवासी सहरिया संगठन की बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज का कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन नहीं करेगा. यदि कोई शराब पीते हुए पाया गया तो उस पर 5,100 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा. साथ ही समिति ने यह भी तय किया कि शराब पीने वालों और कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सामूहिक रूप से कार्रवाई कराई जाएगी. गुरुवार को महिलाओं द्वारा की गई यह कार्रवाई उसी सामूहिक निर्णय का हिस्सा बताई जा रही है.
ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में नगर निगम की लापरवाही! सीवर में फंसी स्कूल वैन, बाल-बाल बचे बच्चे