इंदौर-दाहोद रेल प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, 2.95 किमी सुरंग लाइनिंग पूरी, 1216 मीटर का ट्रैक तैयार
इंदौर-दाहोद रेल परियोजना
Indore News: इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत तैयार की जा रही करीब 2.95 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है. सुरंग की लाइनिंग का काम पूरा हो चुका है. अब ट्रैक बिछाने, ड्रेनेज, पीसीसी और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है.
बैलास्टलेस ट्रैक का काम जारी
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के मुताबिक, सुरंग के भीतर कई निर्माण कार्य समानांतर चल रहे हैं. अब तक 1216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक तैयार हो चुका है, जबकि 810 मीटर हिस्से में ट्रैक बिछाने का काम जारी है.
पीसीसी की कई परतें तैयार
सुरंग में पीसीसी की फाइनल लेयर का 1470 मीटर और पहली लेयर का 2007 मीटर काम पूरा हो चुका है. फिलहाल 740 मीटर हिस्से में पीसीसी का कार्य किया जा रहा है. रेलवे के मुताबिक, सिविल वर्क को भी ट्रैक निर्माण के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.
जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम
सुरंग में पानी जमा होने से रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जा रहा है. दोनों तरफ साइड ड्रेन, इनवर्ट ड्रेन और अन्य जरूरी संरचनाओं का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है. कट एंड कवर सेक्शन में ओवरट रिइनफोर्समेंट और लाइनिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है. अब ड्रेनेज और बैकफिलिंग के बाकी काम किए जा रहे हैं.
आपात स्थिति में बचाव की व्यवस्था
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरंग में रिफ्यूज निच और रेस्क्यू शाफ्ट बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा वेंटिलेशन डक्ट और एग्जॉस्ट फैन लगाने का काम भी चल रहा है. इन व्यवस्थाओं से सुरंग के भीतर हवा का प्रवाह बनाए रखने और आपात स्थिति में धुआं बाहर निकालने में मदद मिलेगी.
आधुनिक मशीनरी से काम में तेजी
पश्चिम रेलवे का निर्माण विभाग सुरंग के शेष सिविल कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए आधुनिक मशीनरी और उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा है. ट्रैक, ड्रेनेज और अन्य निर्माण कार्यों को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.
एमपी-गुजरात के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी
इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच रेल संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है. इससे यात्रियों के आवागमन के साथ माल परिवहन को भी फायदा मिलेगा. परियोजना से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है.
ये भी पढे़ं- Indore News: 100 करोड़ का कुमेड़ी ISBT 2 साल से बंद, अब टर्मिनल में लगा भंडारा, कांग्रेस नेता भी हुए शामिल