आस्था या अंधविश्वास…आलीराजपुर में शख्स का दावा 20 किलो गुमी हुई चांदी खोजी, दूर-दराज से पहुंच रहे लोग
आलीराजपुर: प्रदीप डावर का दावा लोगों की गुमी हुई चांदी और कैश खोज कर दिया
Alirajpur News: आस्था, विश्वास या फिर अंधविश्वास? आखिर क्या है बड़ा उड़वा गांव के इस बड़वे का रहस्य, जहां हर दिन अपनी परेशानियां लेकर लोग दूर-दराज से पहुंच रहे हैं. कोई गुम हुई नकदी तलाशने आता है, तो कोई खोई हुई चांदी और कीमती सामान मिलने की उम्मीद लेकर. दावा है कि अब तक करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये की नकदी और 20 किलो चांदी का पता लगाने में मदद की जा चुकी है. इतना ही नहीं, प्रदीप डावर के घर में जमीन से माताजी की मूर्ति और त्रिशूल निकलने की बात भी सामने आई है. आखिर क्या है इस पूरे मामले की सच्चाई?
गुम सामान खोजने का दावा
मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूरी पर स्थित बड़ा उड़वा गांव इन दिनों एक अनोखी वजह से चर्चा में है. यहां रहने वाले प्रदीप डावर बड़वा के घर पर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है. दूर-दूर से लोग अपनी समस्याएं लेकर यहां पहुंचते हैं. किसी की नकदी गुम हो गई है, तो किसी की चांदी या कोई कीमती सामान गायब है. लोगों को उम्मीद रहती है कि प्रदीप डावर उन्हें उनकी गुम हुई चीजों का पता बता देंगे.
प्रदीप डावर का दावा है कि अब तक करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये की गुम हुई नकदी और लगभग 20 किलो चांदी का पता लगाने में उन्होंने लोगों की मदद की है. उनके पास आने वाले लोगों से पहले गुम हुई वस्तु की जानकारी ली जाती है. बताया जाता है कि जिन लोगों का पैसा या चांदी गुम होती है, उनसे थाने में दर्ज एफआईआर की कॉपी भी ली जाती है. इसके बाद उनके घर से जबा के दाने मंगवाए जाते हैं. बड़वे का दावा है कि इन दानों के माध्यम से गुम हुई वस्तु की जगह का पता लगाया जाता है.
लोगों का क्या कहना है?
लोगों का दबी जुबान में कहना है कि उन्हें उम्मीद रहती है कि उनके कार्य हो जाएंगे. लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जबा के दानों से वास्तव में गुम हुई नकदी और चांदी का पता लगाया जा सकता है? क्या जमीन से मूर्ति और त्रिशूल निकलने की घटना के पीछे कोई धार्मिक मान्यता है या फिर इस पूरे मामले को वैज्ञानिक कसौटी पर परखने की जरूरत है?



