CM मोहन यादव का दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर तंज, बोले-भगवान के नाम पर यात्रा करते हैं तो भाव भी जरूरी
दिग्विजय सिंह
CM Mohan Yadav on Digvijay Singh Satya Sanatan Yatra: उज्जैन से मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत हो गई है. महाकाल और जय श्री राम के उद्घोष के साथ यात्रा प्रारंभ हुई है. सैकड़ों साधु संत समाज हाथों में सनातन धर्म का ध्वज लेकर चल रहे हैं. यात्रा में एक विशेष रथ भी शामिल है. इस रथ पर महादेव शिव और माता पार्वती की भव्य झांकी सजाई गई है. वहीं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा पर सीएम मोहन यादव का बयान सामने आया है.
सीएम ने क्या कहा ?
सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं और कहा कि, सत्य और असत्य पर विजय का पर्व सरकार और समाज मिलकर मना रहे हैं. सीएम ने कहा लगातार तीसरे साल सरकार और समाज मिलकर दशहरा उत्सव मना रहे. वहीं, दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर सीएम ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि, भगवान के नाम पर यात्रा करते हैं तो भाव भी जरूरी है.
क्यों निकाली जा रही यात्रा?
‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, न्याय, सदाचार, करुणा और स्वाभिमान के प्रति जनजागरण करना तथा धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के दान एवं चढ़ावे के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है. यात्रा के दौरान विभिन्न नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, धर्मावलंबियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा. यात्रा के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, धार्मिक आस्था के सम्मान और सत्य एवं न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया जाएगा.