देवास के योग माया महालक्ष्मी मंदिर में भव्य सजावट, 5 करोड़ के नोट और स्वर्ण आभूषणों से हुआ मां का श्रंगार
योग माया महालक्ष्मी मंदिर
धनतेरस के अवसर पर मध्य प्रदेश देवास के शिवाजी नगर में स्थित श्री योग माया महालक्ष्मी मंदिर में लक्ष्मी माता की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया. देवास में लक्ष्मी माता के इस मंदिर में पूरे देश से लोग मां के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं. दीपावली और धनतेरस के मौके पर खासतौर पर यहां भक्तों की भीड़ होती है. मां की प्रतिमा का करोड़ों रुपये और स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार धनतेरस पर मुख्य आकर्षण रहता है.
100-200 के नोटों से सजाया गया मां का दरबार
इस मंदिर में मां को भक्तों के द्वारा दिए गए दान से सजाया गया, जिसमें करीब 5 करोड़ रुपये लगे हैं. 50, 100, 200, 10 और 20 के नोटों से मां को सजाया गया है. करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नोटों और आभूषणों से सजा मां महालक्ष्मी का यह दरबार श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
खास बात यह है कि सजावट में 15 अलग-अलग देशों की करेंसी भी शामिल की गई है, जिसे श्रद्धालुओं ने उपलब्ध कराया है. रात के समय मंदिर की आकर्षक विद्युत सज्जा इसकी भव्यता को और बढ़ा रही है.
भक्तों द्वारा दी गई राशि
बता दें कि यह राशि भक्तों के द्वारा दी गई थी और इस राशि को दिवाली और भाई दूज के बाद कुबेर पोटली के साथ भक्तों को वापस कर दी जाएगी. लोगों के बीच इस मंदिर के प्रति इतनी आस्था है कि अभी भी लोग लगातार मंदिर में रुपये और सोने-चांदी के आभूषण दान कर रहे हैं.
देशभर में धनतेरस की धूम
आज देशभर में धूमधाम से धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है. यह पर्व हर साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान कुबेर और धन्वंतरि की पूजा से धन-धान्य में वृद्धि और आरोग्य का वरदान मिलता है. इस दिन सोने-चांदी की खरीदारी करना भी बहुत शुभ माना गया है.

