Dhar: पानी की समस्या को लेकर सियासी घमासान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर नगर पालिका CMO ने दर्ज कराई FIR

Dhar: धार में दूषित पानी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर नगर पालिका CMO ने वाटर कैनन चलवाई साथ ही प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज करवाई.
dhar water crisis

कांग्रेस का प्रदर्शन

Dhar: मध्यप्रदेश के धार शहर में पानी की समस्या को लेकर सियासी घमासान मच गया है. कांग्रेस पार्टी ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शहर में लगातार गंदा और बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालबाग से नगर पालिका परिषद तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला.

वाटर कैनन और FIR का आरोप

कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका CMO ने आंदोलन कर रही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल करवाया. उनका आरोप है कि CMO ज्ञापन लेने के लिए अपने चैंबर से बाहर नहीं आए. जब कुछ कार्यकर्ता ज्ञापन देने अंदर गए तो उल्टा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ही FIR दर्ज करा दी गई.

कांग्रेस की चेतावनी

स्वतंत्र जोशी ने कहा, “क्या शुद्ध पानी मांगना गुनाह है? CMO की लापरवाही से जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है. हम इस FIR से डरने वाले नहीं हैं. हमारी मांग है कि शहर को तुरंत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए. अगर दूषित पानी पीने से किसी की जान गई तो हम CMO के खिलाफ धार थाने में FIR दर्ज कराएंगे.”

उमंग सिंघार ने भी घेरा

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना की निंदा की. उन्होंने दूषित पानी के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज कराने पर कड़ी नाराजगी जताई. सिंघार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनता की मूलभूत समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए.

क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस का कहना है कि धार नगर पालिका के CMO को कई बार गंदे पानी की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. जनता के स्वास्थ्य को देखते हुए पार्टी ने आंदोलन का रास्ता चुना.

इनपुट-जफर अली

ये भी पढ़ें: MP Weather: एमपी के इन जिलों में जमकर बरसेंगे बदरा! भोपाल-इंदौर समेत 30 से ज्यादा शहरों के लिए यलो अलर्ट जारी

ज़रूर पढ़ें