Dhar News: धार में स्कूल वाहनों पर RTO का शिकंजा, 2 दिन में 1.96 लाख का जुर्माना, 4 वाहन जब्त
स्कूल गाडियां जब्त
इनपुट-जफर अली
Dhar News: बच्चों की सुरक्षा को लेकर धार परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया. परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर के आदेश पर जिले के राजगढ़ और मनावर क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई. अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव के नेतृत्व में दिव्या पाटीदार, परिवहन उप निरीक्षक और मधुकर सिसोदिया, सहायक वर्ग-2 सहित टीम ने शैक्षणिक संस्थानों में संयुक्त चेकिंग की.
राजगढ़ में 48 हजार का जुर्माना
जिले के राजगढ़ क्षेत्र में 55 स्कूल वाहनों की जांच की गई. इस दौरान फिटनेस, पीयूसी और अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 08 वाहन दोषी पाए गए. इनमें से 04 वाहनों को नियम विरुद्ध पाए जाने पर जप्त कर थाना परिसर राजगढ़ में खड़ा किया गया. कुल 48,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया.
मनावर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई 1.48 लाख वसूले
जिले के मनावर क्षेत्र में 36 स्कूल वाहनों की जांच की गई. यहां 06 वाहन नियम विरुद्ध पाए गए जिनसे 1,48,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है. समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग की जाती है. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि यातायात नियमों का पालन हो और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.