Indore: तीसरी बार मिली दिलजीत दोसांझ के कॉन्‍सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बैंकों को भी मिला ई-मेल

Indore News: इंदौर में 15 नवंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट होना है. कार्यक्रम से पहले इसे बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला फिर सामने आया है.
Diljit Dosanjh

दिलजीत दोसांझ

Indore News: इंदौर में 15 नवंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट होना है. कार्यक्रम से पहले इसे बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला फिर सामने आया है. इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय के साथ शहर के कुछ बैंकों को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं. इनमें पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा का नाम शामिल है. ई-मेल में लोगों को कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई है. मामले की पुष्टि क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने की है. पुलिस अब ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है.

महापौर सचिवालय को मिली तीसरी धमकी

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला जारी है. इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी धमकी मिल चुकी है. ताजा मामला सामने आने के बाद महापौर सचिवालय की ओर से क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पहले भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में देवास निवासी निखिल गुप्ता की ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था. निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं. जांच में सामने आया कि उनका ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था. वे काफी समय से अपना अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में उनके बयान भी दर्ज किए हैं.

अमेरिका के आईपी एड्रेस और वीपीएन से जुड़ा मामला

पुलिस की शुरुआती जांच में ई-मेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड से अमेरिका के एक संदिग्ध आईपी एड्रेस की जानकारी मिली है. जांचकर्ताओं के मुताबिक, लॉगिन के दौरान वीपीएन का इस्तेमाल भी किया गया था. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी भरे ई-मेल किसने भेजे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. साइबर टीम डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

बैंकों को भी भेजे गए धमकी भरे ई-मेल

राजेश दंडोतिया ने बताया कि गुरुवार सुबह 10:30 से 10:36 बजे के बीच, दोपहर 12 बजे और 1:47 बजे अलग-अलग स्थानों पर धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई. ई-मेल में अभिभावकों को बच्चों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने और लोगों को कार्यक्रम से दूर रहने की चेतावनी दी गई है. पुलिस को जांच के दौरान दो अलग-अलग ई-मेल आईडी मिली हैं. इनके आधार पर तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन धमकियों के पीछे कोई एक व्यक्ति है या कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें