स्वच्छता में दूसरे स्थान पर आई इंदौर-देपालपुर की जोड़ी, कांग्रेस नेता ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव बता दिया पनौती

Congress Attacks Indore Mayor: चौकसे ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए सफाई मित्रों की अनदेखी का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान सफाई मित्रों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई थी
indore

चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर साधा निशाना

Indore Depalpur Cleanliness Rank: स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम आने के बाद इंदौर की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है. लगातार आठ बार स्वच्छता में नंबर वन रहने वाले इंदौर को इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी अवार्ड में दूसरा स्थान मिला है. इसको लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर निशाना साधते हुए उन्हें इंदौर के लिए पनौती बता दिया. वहीं बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी पलटवार करते हुए राहुल गांधी को सबसे बड़ी पनौती करार दिया. यानी स्वच्छता की रैंकिंग से शुरू हुई बहस अब सीधे सियासी आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है.

इंदौर की रैंकिंग को लेकर राजनीतिक घमासान

स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले इंदौर की रैंकिंग को लेकर अब राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है. कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भार्गव महापौर बने थे, तब इंदौर स्वच्छता की राजधानी के रूप में पहचाना जाता था, लेकिन उनके कार्यकाल में शहर ने अपनी वर्षों पुरानी पहचान और गौरव खो दिया है.

नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया

चौकसे ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए सफाई मित्रों की अनदेखी का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान सफाई मित्रों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई थी, जबकि बीजेपी सरकार और नगर निगम परिषद ने सफाई मित्रों को कोई प्रोत्साहन राशि नहीं दी. उन्होंने महापौर से जनता से माफी मांगने और स्वच्छता अभियान को नए सिरे से मजबूती के साथ शुरू करने की मांग की.

बीजेपी नगर अध्यक्ष ने क्या कहा?

इधर, बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया. उन्होंने चिंटू चौकसे को खुद पार्षद होने की याद दिलाते हुए कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन था, है और रहेगा. महापौर के नेतृत्व में शहर में कई विकास कार्य हो रहे हैं. मिश्रा ने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार पर तंज कसते हुए राहुल गांधी को सबसे बड़ी पनौती बता दिया.

ज़रूर पढ़ें