‘पेमेंट PA कर देगा…’, होटल में फर्जी IAS ने जमाया रौब, घर के बाहर लगी थी District Collector की नेमप्लेट, गिरफ्तार
फर्जी आईएएस अधिकारी पकड़ा गया
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में IAS की नेम प्लेट लगाकर रौब झाड़ने वाले युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को जिला कलेक्टर बताकर लोगों को गुमराह करता था. आरोपी ने ओमेक्स सिटी-1 में एक किराए का मकान लिया था, जिसके बाहर उसने ‘IAS RAJ SONI–District Collector’ की नेमप्लेट लगाई थी. घर के अंदर ‘सत्यमेव जयते’ लिखे फोटो फ्रेम भी लगा रखे थे, ताकि युवक अधिकारी दिखे.
लसूड़िया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल के रूप में हुई. वह गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती का रहने वाला है. आरोपी ओमेक्स सिटी-1 के शुभ आंगन प्रीमियम कॉलोनी के मकान नंबर 1565-A में किराए के मकान में रहता है. आरोपी हिमांशु ने करीब 15 दिन पहले मकान के बाहर फर्जी IAS के नाम वाली नेमप्लेट लगाई थी.
होटल में बोला- पेमेंट PA कर देगा
इस पूरे मामले की पोल तब खुली जब आरोपी खाना खाने इंदौर के एक होटल शेरेटन में गया, जहां उसने खाना खाया और जब उससे बिल चुकाने को कहा गया तो उसने कहा कि ‘मैं पैसे नहीं लाया, 2 घंटे बाद मेरा PA आएगा, वो होटल का पेमेंट कर देगा’ और फिर उसने अपना नाम सर्विस बुक में लिख दिया.
होटल प्रबंधन को उसके ऊपर शक हुआ और फिर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताया, लेकिन पुलिस ने जब आरोपी से उसकी पोस्टिंग और पहचान से जुड़े सवाल किए तो उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिले.
मकान के बाहर लगी थी नेमप्लेट
पुलिस ने पूछताछ की तो सामने आया कि आरोपी का असली नाम हिमांशु पांचाल है. इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां उसने अपने घर के बाहर काले रंग की ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ के नाम की नेमप्लेट लगा रखी थी. वहीं घर के अंदर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम भी रखा था.
जांच में सामने आया कि आरोपी 1 महीने पहले ही इंदौर आया था और उसने इस मकान को किराए पर लिया है. आरोपी ने रौब जमाने के लिए 15 दिन पहले ही मकान के बाहर फर्जी नेमप्लेट लगाई थी. आरोपी पहले अहमदाबाद की एक IT कंपनी में काम कर रहा था. उसके परिवार में केवल मां है.
पुलिस ने की कार्रवाई
पूरे मामले में लसूड़िया पुलिस ने हिमांशु पांचाल के खिलाफ मामला दर्ज किया. उस पर BNS की धारा 204 के तहत कार्रवाई की गई है. जानकारी के अनुसार आरोपी पर गुजरात के गांधीनगर स्थित अडालज थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस आरोपी के इस फर्जीवाड़े की जांच कर रही है.
ये भी पढे़ं- Raisen News: रायसेन गोली कांड मामले में जेल अधीक्षक आरके चौरे सस्पेंड, एक पुलिसकर्मी हुआ था घायल, एम्स में भर्ती