Indore: क्रेडिट कार्ड के कर्ज में डूबे डिलीवरी बॉय ने उठाया खौफनाक कदम, रेपिडो चलाकर भी जब नहीं चुका पाया तो खाया जहर

Indore: इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय ने कथित तौर पर क्रेडिट कार्ड का कर्ज नहीं चुका पाने के तनाव में जहर खाकर आत्महत्या कर ली.
Indore News

सांकेतिक तस्वीर

Indore: इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय ने कथित तौर पर क्रेडिट कार्ड का कर्ज नहीं चुका पाने के तनाव में जहर खाकर आत्महत्या कर ली. चंदन नगर थाना पुलिस के अनुसार व्यास नगर निवासी लखन पुत्र राजू कोटे ने बुधवार को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया. तबीयत बिगड़ने पर पत्नी ने बड़े भाई करण को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे. उपचार के दौरान गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई.

पार्सल डिलीवरी के साथ रेपिडो भी चलाता था मृतक

परिजनों ने बताया कि लखन पार्सल डिलीवरी के साथ-साथ रेपिडो चलाकर परिवार का खर्च चलाता था. पिछले कुछ समय से कामकाज ठीक नहीं चल रहा था. आर्थिक तंगी के चलते उसने क्रेडिट कार्ड से कर्ज लिया था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था. इसी वजह से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था.

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

लखन की करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी. परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक बड़ा भाई है. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. उसने कितना कर्ज लिया था, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है.
दूसरी तरफ आजाद नगर क्षेत्र में एक 21 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है.

आजाद नगर में अनोज एड्रयू ने की आत्महत्या

आजाद नगर थाना क्षेत्र के इदरीश नगर निवासी अनोज एड्रयू (21) ने बुधवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसका शव कुछ परिचित एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे. इस मामले में पुलिस का कहना है कि शव को अस्पताल में पहुंचाने वाले से अभी संपर्क नहीं हो पाया है. मामले की जांच की जा रही है.

इनपुट- आयुषी सिंह

ये भी पढ़ें: MP News: उफनते नदी-नालों के बीच जान हथेली पर रखकर ग्रामीण कर रहे सफर, स्कूल पहुंचने के लिए मौत का जोखिम उठा रहे बच्चे

ज़रूर पढ़ें