Indore: टीही-धार रेलवे ट्रैक पर स्पीड ट्रायल आज, 130 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगा इलेक्ट्रिक इंजन
इंदौर: टीही-धार रेलवे ट्रैक पर इलेक्ट्रिक इंजन का स्पीड ट्रायल
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर और गुजरात के दाहोद के बीच नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही-धार के बीच नवनिर्मित रेलखंड पर आज इलेक्ट्रिक इंजन का स्पीड ट्रायल होगा. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अनुसार, विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड विद्युत लाइन चार्ज कर दी गई है.
अलग-अलग चरणों में होगा ट्रायल
ट्रायल की शुरुआत सोमवार सुबह 8.30 बजे टीही स्टेशन से होगी. इस दौरान अलग-अलग चरणों में 30, 75, 110 और अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इलेक्ट्रिक इंजन चलाकर परीक्षण किया जाएगा. यह प्रक्रिया सीआरएस निरीक्षण से पहले की जा रही है. ट्रायल रात 9 बजे तक जारी रहेगा. ये परीक्षण 6 नवंबर तक जारी रहेंगे.
जागरुकता अभियान चलाया जा रहा
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक से दूर रहने की अपील की है. कहा कि टीही–धार रेलखंड पर 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से होने वाली स्पीड ट्रायल एवं निरीक्षण को सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: MP News: ड्रोन से सर्च कर धार पुलिस ने पकड़ा 172 क्विंटल गांजा, 50 करोड़ के नशे के साथ 15 आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम रेलवे की लोगों से अपील
रेलवे के मुताबिक रेलवे कर्मचारी रेलवे ट्रैक के आसपास लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार जागरूक कर रहे हैं. उन्हें रेलवे लाइन से दूर रहने, ट्रैक के आसपास न जाने तथा अपने पशुओं को भी रेलवे ट्रैक से दूर सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की जा रही है. इसका उद्देश्य स्पीड ट्रायल के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना तथा आमजन एवं पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.