सावधान! इंदौर में इंस्टाग्राम रील बनी ठगी का नया हथियार, ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर को लगा लाखों का चूना
इंदौर पुलिस
आजकल ठग लोगों से पैसे निकलवाने के लिए अलग तरीको का इस्तेमाल कर रहे हैं. सबसे ज्यादा लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार बन रहे हैं. ताजा मामला इंदौर से सामने आया जहां पर एक रील के चक्कर में युवक से लाखों रुपये की ठगी हो गई. आरोपी युवती ने युवक को अपनी बातों में उलाझाया और उसके करीब 10 लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल पूरा मामला, इंदौर के सराफा स्थित सावरवाला ज्वैलर्स के मैनेजर को उसकी पुरानी परिचित युवती ने अपनी बातों में फंसाया और बैंक में जमा कराने के लिए ले जा रहे 10 लाख रुपये अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखवा लिए. इसके बाद युवती ने घर जाने का बहाना बनाया और रुपये समेत गाड़ी भी लेकर फरार हो गई. मामले में एमजी रोड पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, फरियादी अंकित उपाध्याय सराफा स्थित सांवरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत है. 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह शोरूम का 10 लाख रुपये का कलेक्शन बैंक में जमा कराने के लिए मोपेड पर निकला था. इसी दौरान डीआरपी लाइन के पास भारतीय स्टेट बैंक के गेट पर उसे अपनी पुरानी परिचित आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा मिली.
युवक को रोककर आरोपी युवती ने कहा…
युवती ने अंकित को रोककर कहा कि वह अक्सर बड़ी रकम बैंक में जमा कराने जाता है. उसने पैसों के साथ फोटो खिंचवाने और इंस्टाग्राम रील बनाने की बात कही. अंकित ने पहले इनकार कर दिया लेकिन युवती उससे जिद करने लगी और कसम देने लगी. इसके बाद अंकित स्नेहलतागंज स्थित उसके घर के पास चला गया.
पैसे लेकर भाग गई युवती
इसके बाद युवती ने अंकित से 10 लाख रुपये अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखने को कहा. उसने अंकित को भरोसा दिलाया की रील बनाने के बाद वह रुपये वापस कर देगी. परिचित होने की वजह से अंकित ने भरोसा कर उसकी गाड़ी की डिग्गी में पैसे रख दिए. इसके बाद युवती ने घर जाने का बहाना बनाकर वहां से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी.
घटना के बाद अंकित ने अपने मालिक को पूरी जानकारी दी. इसके बाद वह एमजी रोड थाने पहुंचा और थाना प्रभारी विजय सिसौदिया को मामले से अवगत कराया. पुलिस ने आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढे़ं- Petrol Diesel Price Today: देशभर में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, इस कंपनी ने 5 और 3 Rs बढ़ाए रेट, जानें नई कीमत