इंदौर टू जोधपुर मात्र डेढ़ घंटे का सफर! विंटर सीजन में डायरेक्ट फ्लाइट की मिली सौगात
25 अक्टूबर से शुरू होगी इंदौर जोधपुर सीधी उड़ान
Indore Jodhpur Direct Flight: मध्य प्रदेश के इंदौर से राजस्थान के जोधपुर के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू होने वाली है. दोनों शहरों के बीच सफर मात्र डेढ़ घंटे में तय किया जा सकेगा. विंटर सीजन में इंदौरवासियों को ये सौगात मिली है. इस सीधी उड़ान के शुरू होने के बाद आम लोगों को राहत मिलेगी और आवाजाही आसान हो जाएगी.
कब से शुरू होगी डायरेक्ट फ्लाइट?
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोधपुर के लिए सीधी उड़ान को पिछले साल बंद कर दिया गया था. अब 25 अक्टूबर से एक बार फिर से सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है. फ्लाइट का संचालन इंडिगो एयरलाइंस करेगी. हफ्ते में चार दिन यानी रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट का संचालन होगा.
कितना किराया होगा?
राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट (विमान संख्या – 6E-7676) सुबह 9 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 10.25 बजे इंदौर हवाई अड्डे पर लैंड करेगी. इस यात्रा में 1 घंटे 25 मिनट का समय लगेगी. वहीं, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (विमान संख्या – 6E-7675) सुबह 11.10 बजे टेक ऑफ करेगी. डेढ़ घंटे का समय तय करके फ्लाइट दोपहर 12.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी. फ्लाइट का शुरुआती किराया 6399 रुपये होगा.
ये भी पढ़ें: Indore: ‘गुंजाइश न हो तो विवाह न खीचें’, हाई कोर्ट ने कहा-सहमति से तलाक के लिए 6 महीने का इंतजार जरूरी नहीं
इस फ्लाइट से किसे होगा फायदा?
इंडिगो की सीधी उड़ान शुरू होने के बाद इंदौर और शहर के आसपास के लोगों को फायदा होगा. जोधपुर को पर्यटन नगरी के रूप में जाना जाता है. यहां मेहरानगढ़ किला, जसवंत थाणा, उम्मेद भवन पैलेस, मेंडोर जैसे कई ऐतिहासिक स्थल हैं. जोधपुर से जैसलमेर भी पहुंचना आसान है. वहीं, इंदौर को बिजनेस, फूड, एजुकेशन, आईटी इंडस्ट्री के लिए जाना जाता है. दोनों शहरों के बीच बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं. इस विमान सेवा के शुरू होने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
ट्रेन 15 घंटे का समय लेती है
इंदौर से जोधपुर के बीच एक ट्रेन संचालित होती है. ट्रेन रतलाम, नीमच, चित्तौड़गढ़, अजमेर होते हुए जोधपुर पहुंचती है. दोनों शहरों के बीच की दूरी करीब 738 किमी है. जिसे कवर करने में ट्रेन को 15 घंटे का समय लगता है.