दो पिलर के बीच फंसा युवक, रेस्क्यू करते समय नर्मदा नदी में छलांग लगा दी; मंडला में होमगार्ड बोला- पिछले साल भी इसी व्यक्ति को बचाया था
मंडला में रेस्क्यू करते समय युवक ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी.
MP News: मंडला में नर्मदा नदी पर बने पुल पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक पुल के दो पिलर के बीच खाली जगह में फंस गया. हालांकि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई. बड़ी मुश्किल से होमगार्ड और NDERF की टीम उस जगह पर पहुंची जहां पर युवक खतरनाक स्थिति में फंसा था. लेकिन हैरानी तब हुई जब खतरनाक रेस्क्यू करते समय ही युवक ने नदी में छलांग लगा दी और लापता हो गया.
काफी ढूंढने के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका
पूरा मामला मंडला और महाराजपुर को जोड़ने वाली नर्मदा नदी के बड़े रपटा पुल का है. यहा मंगलवार को एक युवक की हरकत ने सभी को हैरान और डरा दिया. दो पिलर के बीच युवक के फंसने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर खुद की जान जोखिम में डालकर युवक को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी. लेकिन तभी युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी. फौरन होमगार्ड और NDERF की टीम ने नाव की सहायता से युवक को काफी ढूंढने की कोशिश की लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका.
होमगार्ड बोले- पिछले साल भी यही हरकत की थी
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात तब निकलकर सामने आई, जब रेस्क्यू करने वाली होमगार्ड्स और NDERF की टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले साल इसी शख्स को रेस्क्यू करके बचाया गया था. पिछले साल जुलाई में युवक इसी जगह पर फंस गया था, लेकिन उस समय युवक को बचाने में कामयाबी मिल गई थी. बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति सही नहीं है.
पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वहीं इस घटना के बाद नर्मदा के इस पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब रेस्क्यू टीम कह रही है कि पिछले साल इसी जगह पर युवक फंस गया था, तो अब तक वहां पर सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए. फिर से उसी स्पॉट पर व्यक्ति क्यों फंस गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को फौरन ऐसे इंतजाम करने चाहिए कि दोबारा ऐसी घटना ना दोहराई जा सके. अब कोई आदमी इस तरह पिलर के बीच में ना फंसे. फिलहाल गोताखोरों की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: ड्रिप चढ़वाते मरीज को आधी रात वार्ड से बाहर किया, खंडवा में सरकारी अस्पताल में भर्ती युवक सलाइन लेकर सड़क पर आया