Jabalpur: जनजातीय गौरव दिवस में शामिल हुए CM मोहन यादव, आदिवासियों के हित में किए बड़े ऐलान

Jabalpur Janjatiya Gaurav Diwas: कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके भी शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई भगवान बिरसा मुंडा की प्रदर्शनी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के चित्रों पर फूल बरसाए
Janjatiya Gaurav Diwas

जनजातीय गौरव दिवस

Jabalpur Janjatiya Gaurav Diwas: आदिवासी जननायकों को याद करते हुए आज जबलपुर जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के मौके पर जनजाति गौरव दिवस का आयोजन किया गया. धरती आबा शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत जबलपुर के सेना के गैरीसन ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया.

कार्यक्रम में पहुंचे CM मोहन यादव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके भी शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई भगवान बिरसा मुंडा की प्रदर्शनी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के चित्रों पर फूल बरसाए, मांदर बजाई और आदिवासियों के साथ जमकर थिरकते नजर आए.

▶ Vistaar News YouTube

मंच से सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जन, जंगल, जमीन, संस्कृति की रक्षा और स्वाभिमान का संदेश दिया.भगवान बिरसा मुंडा की याद में सरकार पूरा सप्ताह मना रही है. सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सरकार तो चलाई, लेकिन आदिवासी शहीदों को भूल गई. आज जब BJP सरकार जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है, तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है. सीएम ने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने रानी दुर्गावती की नगरी जबलपुर में पहली कैबिनेट बैठक की थी. सरकार ने राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाई है.

CM की बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम में CM ने कई बड़ी घोषणाएं कीं:

  • 133 करोड़ रुपये की लागत से नए छात्रावास बनाए जाएंगे
  • छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी में 85 करोड़ की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनेंगे
  • 401 करोड़ की लागत से आदिवासी अंचलों में विकास कार्यों की शुरुआत
  • मंडला और डिंडौरी में भी बनाए जा रहे हैं मेडिकल कॉलेज
  • आदिवासी अंचल में बढ़ाई जा रही हैं सिंचाई सुविधाएं
  • रानी दुर्गावती के नाम पर चल रही है मोटा अनाज खरीदी योजना
  • सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए तेजी से काम कर रही है सरकार

सीएम ने क्या कहा ?

सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार में सरकारी बस सुविधाएं बंद कर दी थी, जबकि उनकी सरकार ने आदिवासी अंचल में फिर से सरकारी बस सेवाएं शुरू की हैं. उन्होंने कहा -हमारी पहली प्राथमिकता आदिवासी क्षेत्र का विकास है. जनजाति गौरव दिवस के मौके पर मंच से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन आदिवासी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जिन्होंने 12वीं में उत्कर्ष परिणाम हासिल किया था इसके साथ-साथ आदिवासियों के विकास और उत्थान के लिए लगातार जो काम कर रहे हैं, उनको भी मंच सम्मानित किया. मंच से सम्मानित हुईं वॉटर वूमेन उजियारो बाई का कहना है कि वह लगातार जल जंगल जमीन की लड़ाई लड़ रही हैं इसमें उन्हें सरकार का समर्थन भी चाहिए.

नेता भी हुए भावुक

अपने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित किए गए इस भव्य कार्यक्रम को देख आदिवासी नेता भी भावुक हो गए. कार्यक्रम में शामिल होने आए आदिवासियों का कहना है कि आज उन्हें गौरव का पल महसूस हो रहा है वे बेहद खुश है. सरकार लगातार आदिवासियों के विकास के लिए काम कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही आदिवासी समाज के मुख्य धारा से जुड़कर आगे बढ़ेगा.

ज़रूर पढ़ें