Katni News: CSP नेहा पच्चीसिया पर FIR, हत्या के आरोपी को बचाने और करोड़ों की जमीन कम कीमत में बेचने का आरोप
कटनी CSP पर FIR
MP News: कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले से जुड़े जमीन विवाद में सीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत कांग्रेस नेता मारूफ अहमद हनफी और क्षितिज राज बारापत्रे के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अपराधी को बचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले की जांच आईजी जबलपुर स्तर से कराई गई थी.
जांच रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. आरोप है कि हत्या के मामले में आरोपित रमेश लोधी की करीब एक करोड़ रुपये कीमत की जमीन दबाव बनाकर करीबी व्यक्ति के नाम करा दी गई और इसके बदले उसे केवल 18.20 लाख रुपये मिले.
हत्या के मामले से जुड़ा है विवाद
कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव में युवक झब्बू कोल की हत्या हुई थी. इस मामले में रमेश लोधी को आरोपित बनाया गया था. आरोप है कि पुलिस ने निर्धारित समय सीमा में विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट पेश नहीं की. इसी दौरान रमेश की जमीन को लेकर विवाद सामने आया.
18 लाख में कराई गई जमीन की रजिस्ट्री
शिकायत के मुताबिक, 15 अप्रैल को रमेश लोधी की खसरा नंबर 2618/1 की जमीन की रजिस्ट्री मारूफ अहमद हनफी के नाम कराई गई. इसके बदले रमेश को 15 लाख रुपये का चेक और 3.20 लाख रुपये नकद दिए गए. जमीन की सरकारी गाइडलाइन कीमत 82 लाख 86 हजार 930 रुपये बताई गई है.
एक करोड़ सात लाख में सौदे का दावा
रमेश लोधी का कहना है कि जमीन का वास्तविक सौदा करीब एक करोड़ सात लाख रुपये में हुआ था, लेकिन उसे करीब 92 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया. उसने अपने अधिवक्ता के जरिए न्यायालय में परिवाद दायर कर आरोप लगाया कि सीएसपी और थाना प्रभारी की भूमिका में उसकी जमीन कम कीमत पर करीबी व्यक्ति के नाम कराई गई.
एएसपी की जांच के बाद कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद आईजी जबलपुर प्रमोद कुमार वर्मा ने एएसपी अनु बेनीवाल को जांच सौंपी थी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कुठला थाने में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, मारूफ अहमद हनफी और क्षितिज राज बारापत्रे को आरोपित बनाया गया है.
बैंक खातों से लेन-देन की जानकारी
जांच के दौरान क्षितिज राज बारापत्रे के बैंक खातों से 15 लाख रुपये से जुड़े लेन-देन की जानकारी सामने आने की बात कही गई है. पुलिस ने इसी आधार पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और आरोपित को बचाने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.
ये भी पढे़ं- ‘जेल से बाहर आना है तो 75 लाख रुपए दो’, अवैध वसूली मामले में कटनी CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ी मुश्किलें