धोखाधड़ी मामले में सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, कटनी CSP नेहा पच्चीसिया सस्पेंड

MP News: कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले से जुड़े जमीन विवाद में सीएसपी नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से सस्‍पेंड कर दिया.
CM Mohan Yadav and CSP Neha Pacchisia

सीएम मोहन यादव और CSP नेहा पच्चीसिया

MP News: कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले से जुड़े जमीन विवाद में सीएसपी नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से सस्‍पेंड कर दिया. सीएम मोहन यादव ने तत्काल प्रभाव से निलंबन के निर्देश जारी किए हैं.

सीएम ने दिए निलंबन के निर्देश

सीएम कार्यालय ने सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म एक्स पर लिखा की कटनी में सामने आए गंभीर प्रकरण को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव को संबंधित CSP के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा. निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

सीएसपी समेत तीन पर दर्ज हुई थी एफआईआर

मामले में सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर करोड़ों की जमीन को महज 18 लाख में खरीदने और कुठला थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में अपराधिक षड्यंत्र रचने सहित अन्य आरोप लगे हैं.

पुलिस ने सीएसपी नेहा पच्‍चीसिया समेत कांग्रेस नेता मारूफ अहमद हनफी और क्षितिज राज बारापत्रे के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अपराधी को बचाने और अन्‍य मामलों में कई धाराओं के साथ प्रकरण दर्ज किया गया था. मामले में आईजी जबलपुर स्‍तर से जांच कराई गई थी. इस कार्रवाई के बाद सीएसपी कार्यालय को भी सील किया गया था.

क्या है पूरा मामला

पूरा मामला कुठला थाना क्षेत्र का है, जहां कन्‍हवारा गांव में एक युवक झब्बू कोल की हत्या हो गई थी. इस मामले में रमेश लोधी को आरोपित बनाया गया था. इस घटनाक्रम में पुलिस पर आरोप लगा था कि पुलिस ने निर्धारित समय सीमा में विवेचना पूरी करके कोर्ट में चार्जशीट पेश नहीं की. इस बीच ही रमेश की जमीन को लेकर भी विवाद सामने आया.

शिकायत के अनुसार, 15 अप्रैल को रमेश लोधी की खसरा नंबर 2618/1 की जमीन की रजिस्‍ट्री मारूफ अहमद हनफी के नाम करा दी गई और इसके बदले में रमेश को 15 लाख रुपये का चेक और 3.20 लाख रुपये नकद दे दिए गए. लेकिन जमीन की सरकारी गाइडलाइन के हिसाब से कीमत 82 लाख 86 हजार 930 रुपये बताई गई.

ये भी पढे़ं- CSP नेहा पच्चीसिया पर FIR, हत्या के आरोपी को बचाने और करोड़ों की जमीन कम कीमत में बेचने का आरोप, कार्यालय सील

ज़रूर पढ़ें