वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पेपर पहुंचे छिंदवाड़ा, 21 जून को NEET UG का एग्जाम होगा
छिंदवाड़ा: वायुसेना के हेलीकॉप्टर से NEET UG के पेपर छिंदवाड़ा पहुंचे
IAF Helicopter Delivers Question Papers: भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से NEET UG परीक्षा के प्रश्न पत्र छिंदवाड़ा पहुंचाए गए. पुलिस और प्रशासन की कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे निर्धारित केंद्र तक इन्हें पहुंचाया गया. जहां उन्हें सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत रखा जाएगा. री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा.
प्रशासन का क्या कहना है?
प्रशासन का कहना है कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं. हाल के वर्षों में परीक्षा से जुड़े मामलों को देखते हुए प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दिन भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे. परीक्षा केंद्रों के आसपास निगरानी बढ़ाई जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे
एग्जाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी कैलाश मकवाना ने हर जिले के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए. हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही. मध्य प्रदेश में इस बार 283 परीक्षा केंद्रों में एग्जाम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 1.18 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इसके साथ ही ऑनलाइन अफवाहों से बचने के लिए 38 साइबर कमांडो को तैनात किया जाएगा. उसके साथ ही परीक्षा केंद्रों, प्रश्नपत्र भंडारण स्थल और संबंधित बैंक का दौरा करके निरीक्षण करें.
ये भी पढ़ें: सतना में बेपटरी पर स्वास्थ्य व्यवस्था! पिता की जगह पर पर्ची काट रहा 9वीं का छात्र, Video
टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाई गई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी तौर से रोक लगा दी गई है. नीट यूजी का एग्जाम आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर सरकार ने ये फैसला लिया है. सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत आदेश जारी किया गया है.