Rahul Gandhi Balaghat Visit: बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी, जगला गांव में मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से की मुलाकात
लोकसभा में नेता प्रितपक्ष राहुल गांधी
Rahul Gandhi Balaghat Visit: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार (1 अक्टूबर) को बालाघाट के जगला गांव पहुंचे. उन्होंने यहां मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात की. उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, बैहर विधायक संजय उइके और कांग्रेस नेता हिना कांवरे मौजूद रहीं.
राहुल गांधी दिल्ली से महाराष्ट्र के गोंदिया पहुंचे. यहां से वे रजेगांव, सालेटेगा, कोसमी बायपास से भरवेली, सोनेवानी, बिठली होते हुए जगला पहुंचे. इस दौरान उन्होंने ग्राम मोटे में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में रुके और मिड डे मील पर बच्चों से बात की.
12 दिनों में दूसरा दौरा
राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को इंदौर आए थे. उन्होंने रीजनल पार्क के पास स्थित आईएडी पार्क में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया था. इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और युवाओं से बात की थी. रोजगार, शिक्षा, पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर बात की थी. इस दौरान एक युवक ने बालाघाट का मुद्दा उठाया था. 12 दिनों के भीतर राहुल गांधी का ये दूसरा एमपी दौरा है.
‘मध्य प्रदेश के प्रति संवेदनशील हैं’
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के दौरे पर कहा कि मध्य प्रदेश के प्रति राहुल गांधी बहुत संवेदनशील हैं. छिंदवाड़ा की घटना का उन्होंने संज्ञान लिया था. इंदौर में गांधी पीड़ितों से मिलने पहुंचे. सागर जहरीली शराब कांड की जानकारी ली है.हमारा उद्देश्य राजनीति नहीं, केवल आदिवासियों का उत्थान हो यही चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: 3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे अमित शाह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5 किमी का इलाका नो-फ्लाइंग जोन घोषित
बीजेपी ने साधा निशाना
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं. वे आएं बालाघाट आएं लेकिन वे ये भी बताएं कि नक्सलवाद किसके राज में पनपा. लिखिराम कांवरे जो कांग्रेस शासन काल में मंत्री थे, उनकी हत्या हुई. क्या कभी उनके परिवार से सांत्वना व्यक्त की या उनसे मिलने पहुंचे.
उन्होंने आगे कहा कि बालाघाट आज पीछे है, वहां इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बन पाया, ये किसकी वजह से हुआ? गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद खत्म किया. स्कूल से लेकर दूसरे विकासात्मक कार्य किए.