बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम गर्ग पर गोली मारने का आरोप, घायल को अस्पताल में करवाया गया भर्ती, जमीन विवाद में की मारपीट
घायल के भाई ने बाबा बागेश्वर के भाई पर फायरिंग का आरोप लगाया है.
MP News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के भाई पर शालिग्राम गर्ग पर फायरिंग और मारपीट का आरोप लगा है. फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घायल के परिजनों का आरोप है कि शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ गरीबों की जमीन पर कब्जा करने आए थे. विरोध करने पर फयारिंग कर दी.
भागते नजर आए शालिग्राम गर्ग
मामला छतरपुर के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा का है. घायल की पहचान मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है. घटना का वीडियो भी सामने आया है. इसमें शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ भागते नजर आ रहे हैं. वहीं घायल के परिजन शालिग्राम गर्ग के पीछे भाग रहे हैं. इस दौरान परिजन गाली गलौज और पथराव करते भी नजर आए.
‘गरीबों पर जबरन जमीन बेचने का दबाव बना रहे’
घायल मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि बाबा बागेश्वर के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग गांव के गरीब किसानों पर जबरन जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं. विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया. इसके बाद बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी. घटना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस बोली- जांच के आधार पर कार्रवाई करेंगे
वहीं पूरे मामले पर एसपी रजत सकलेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि 3-4 राउंड फायरिंग की गई है. इसमें मोतीलाल कुशवाहा का नाम एक व्यक्ति घायल हो गया है. एक हवाई फायर किया गया है. एक गोली कान पर लगी है, जबकि दूसरी गोली पेट को छूते हुए गई है. मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत की गई है. इसमें सतीश, शालिग्राम, आशीष शामिल हैं. जबकि एक व्यक्ति अज्ञात है. घटना में एक वीडियो भी सामने आया है. जिसकी जांच की जा रही है. एसडीओपी के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल पर गई है, मौके से फायरिंग के बाद खोखे बरामद किए गए जा रहे हैं. सभी साक्ष्यों के हिसाब से जैसे भी बात सामने निकलकर आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: LPG सिलेंडर में गैस की जगह पानी भरकर दे दिया; इंदौर में एजेंसी से शिकायत की तो कहा- 700 रुपये और दो