सागर में मिड डे मील में मिले कीड़े, खाने से पहले ही ग्रामीणों ने देखा, कलेक्टर ने कार्रवाई के आदेश दिए
सागर में मिड डे मील में कीड़े मिले.
Input- पारसराम
MP News: सागर में स्कूलों में मिलने वाले मिड डे मील पर सवाल खड़े करने का एक मामला सामने आया है. जहां मिड डे मील में इल्लियां मिलने से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि इस खाने को बच्चों को परोसने की तैयारी थी. परंतु खाना वितरित होने के पहले ग्रामीणों ने इसे देख लिया. जिसके बाद घटना का वीडियो सामने आया है. मामले में सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
दाल में इल्लियां तैरती नजर आईं
दरअसल जिले के मालथौन विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला गीधा में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्कूल में बच्चों को परोसी जाने वाली दाल में इल्लियां मिलने का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा और पोषण व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बच्चों के लिए तैयार की गई दाल में इल्लियां तैरती हुई दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि दाल का वितरण बच्चों के बर्तनों में भी किया जा चुका था. हालांकि वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है.
अभिभावकों और ग्रामीणों में दिखी नाराजगी
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का संचालन लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था. घटना सामने आने के बाद भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी
कलेक्टर ने जांच के दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का विशेष रूप से परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही बीएसी (ब्लॉक अकादमिक समन्वयक) और बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) को विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के लिए कहा गया है.
इसके अलावा जिले के सभी छात्रावास अधीक्षकों को भी भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है.
ये भी पढे़ं: ‘आपके आ जाने से…,’ गाने पर इंदौर की जेल में जेलकर्मियों ने जमकर ठुमके लगाए, थिरकते नजर आए अधिकारी