MP में ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो सावधान! अपराध के मामले में टॉप 2 पर, 3 साल में ट्रेनों में 70 परसेंट क्राइम बढ़े
सांकेतिक तस्वीर.
MP Crime in Train: अगर आप मध्य प्रदेश में ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए. एमपी में ट्रेन का सफर सुरक्षित नहीं है. एनसीआरबी की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. ट्रेन में होने वाले अपराधों के मामले में मध्य प्रदेश टॉप 2 स्टेट्स में शामिल है. पिछले 3 सालों में एमपी में ट्रेन में होने वाले अपराधों में 70 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है.
साल 2022 से 2024 के बीच 12931 केस दर्ज
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो(NCRB) की साल 2022 से 2024 तक ट्रेन में हुए अपराधों की जानकारी मध्य प्रदेश की चिंता बढ़ाने वाली है. एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में जीआरपी थानों में कुल 83699 केस दर्ज किए गए हैं. इनमें से अकेले 12931 केस मध्य प्रदेश में ट्रेन में यात्रा करने के दौरान दर्ज हुए हैं. जो कि लगभग 15.4 प्रतिशत है. अगर पिछले सालों की तुलना करें तो 3 सालों में एमपी में ट्रेनों में होने वाले अपराधों में 70 प्रतिशत का इजाफा हुआ है.
92 प्रतिशत से ज्यादा चोरी के मामले
मध्य प्रदेश से हर दिन रोजाना लगभग 650 से 750 ट्रेनें गुजरती हैं, या फिर ऑपरेट होती हैं. जबकि मालगाड़ियों की संख्या 900 से भी ज्यादा है. आंकड़ों के मुताबिक ट्रेन में होने वाले 12931 केसों में से 92 परसेंट केस चोरी की वारदात के हैं. मध्य प्रदेश में औसतन हर दिन 32 रेल यात्रियों की चोरी की घटनाएं होती हैं.
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा ट्रेन में अपराध की घटनाएं
अगर पूरे देश की बात करें तो ट्रेन मे होने वाले अपराधों में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 15699 मामले दर्ज किए गए हैं. इसके बाद मध्य प्रदेश मे 12931, गुजरात में 8220, बिहार में 6950 और उत्तर प्रदेश में 6544 आपराधिक घटनाएं जीआरपी थानों में दर्ज की गई हैं.
बता दें कि मध्य प्रदेश में इटारसी सबसे बड़ा रेल मंडल माना जाता है. जबकि सबसे ज्यादा वीआईपी और प्रीमियम ट्रेनें राजधानी भोपाल मे लोड होती हैं.
ये भी पढे़ं: MPPSC ने पहली बार जारी की 1220 पदों के चयन की लिस्ट, मेडिकल अधिकारियों का सबसे बड़ा रिजल्ट