‘मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’, लाडली बहनों को लेकर विवादित बयान पर मंत्री करण सिंह वर्मा की सफाई
मंत्री करण सिंह वर्मा(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने लाडली बहनों को लेकर दिए बयान के बाद अब सफाई दी है. करण सिंह वर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है. यह योजना बहनों के सम्मान से जुड़ी है और कोई भी इसे समाप्त नहीं कर सकता है.
‘बहनों को आर्थिक सहायता आगे भी मिलती रहेगी’
मंत्री ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, ‘सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से मुझे जानकारी मिली है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में आयोजित मेरे कार्यक्रम में मेरे द्वारा कहे गए शब्दों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत में मैंने उपस्थित सभी बहनों और नागरिकों को सम्मानपूर्वक प्रणाम किया था. अपने संबोधन में मैंने स्वयं-सहायता समूहों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सभी कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया था. मेरा स्पष्ट कहना था कि इन योजनाओं का उद्देश्य बहनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें निरंतर सहयोग देना है. मैंने यह भी कहा था कि मध्यप्रदेश में बहनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता आगे भी मिलती रहेगी. माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर बहनों को सम्मानपूर्वक सहायता प्रदान की जाती है.’
कहा था- कार्यक्रम में नहीं आएंगी तो योजना से नाम कट जाएगा
इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. यहां नवीन उपस्वास्थ्य केंद्रों के लोकार्पण किया गया. इस मौके पर राजस्व मंत्री ने मंच से लाडली बहनों को धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि कार्यक्रम में नहीं आएंगी तो उनके नाम कट जाएंगे.
करण सिंह वर्मा ने कहा, ‘ग्राम धामंदा में 894 लाडली बहनों को 1500 रुपये महीने दे रहे हैं और यहां पर कम लाडली बहनें हैं. अब सीईओ मैडम से बोलेंगे, एक दिन सबको बुलाओ और नहीं आईं तो उनका नाम कट जाएगा. बहनों को कांग्रेस के राज में पैसा मिलता था क्या. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से गेहूं भेज रहे हैं, किसानों के खाते में पैसे डाल रहे हैं और तुम ध्यान नहीं रखते हो.’
वहीं विवादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद अब मंत्री ने सफाई दी है.
ये भी पढे़ं: MP News: धार में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र बघेल के भाई पर शराब लूटने का आरोप, दुकान में घुसकर दिखाई दबंगई!