Vistaar NEWS

मुरैना के शिक्षा अधिकारी के कार्यालय परिसर में दस्तावेज जलाने का मामला, DEO ने दी सफाई, लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग

Morena district education officer Office Documents Being Burnt deo Clarification

मुरैना: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में अहम दस्तावेज जलाए गए

Morena News: ( मुरैना से मनोज शर्मा की रिपोर्ट) जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है. वर्षों पुराने महत्वपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड के गायब होने के बाद अब कार्यालय परिसर में फाइलें जलाने का वीडियो सामने आने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं.

दस्तावेज को आग के हवाले किया

बताया जा रहा है कि परीक्षा शाखा में वर्ष 1980 से 2000 तक के हजारों विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में अधिकांश रिकॉर्ड नष्ट हो गया. इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक कर्मचारी कार्यालय परिसर में कागजात और फाइलों जैसी सामग्री को आग के हवाले करता दिखाई दे रहा है.

‘जिन फाइलों को जलाया, वे अनुपयोगी और खराब’

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं महत्वपूर्ण दस्तावेजों को तो नष्ट नहीं किया जा रहा. मामले ने तूल पकड़ा तो विभागीय अधिकारियों को सफाई देनी पड़ी. कार्यालय के कर्मचारी सुरेश शाक्य का कहना है कि वीडियो पुराना है और उसमें केवल सूखे पत्तों तथा अनुपयोगी सामग्री को जलाया जा रहा था. वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने भी दावा किया है कि जिन फाइलों को जलाया गया, वे अनुपयोगी और खराब हो चुकी थीं तथा किसी भी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को नुकसान नहीं पहुंचाया गया.

ये भी पढ़ें: जबलपुर से बेंगलुरु और मुबंई फ्लाइट के लिए इंडिगो ने जारी किया नया शेड्यूल, अब हफ्ते में 3-4 दिन चलेंगी

लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग

हालांकि, हजारों छात्रों के रिकॉर्ड गायब होने और फाइलें जलाने के वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं. अब लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर महत्वपूर्ण रिकॉर्ड कहां गायब हुआ.

Exit mobile version