जबलपुर से बेंगलुरु और मुबंई फ्लाइट के लिए इंडिगो ने जारी किया नया शेड्यूल, अब हफ्ते में 3-4 दिन चलेंगी
जबलपुर एयरपोर्ट
Jabalpur Mumbai And Bengaluru Flight: अमेरिका ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनाव ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है. डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है. राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहे डीजल-पेट्रोल के दामों का असर अब हवाई यात्राओं पर भी देखने को मिलने लगा है. विमान कंपनियां घरेलू उड़ानों को कम कर रही हैं. एयर इंडिया हो या इंडिगो छोटे शहरों से अपनी उड़ानों में कटौती की है. जिसके चलते अब हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. जबलपुर में भी इसका असर साफ देखने को मिला है. इंडिगो ने बेंगलुरु और मुंबई जाने वाली उड़ानों में कटौती कर दी है.
इंडिगो ने फ्लाइट में कटौती की
इंडिगो ने जबलपुर से मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानों में कटौती करते हुए नया शेड्यूल जारी किया है. अभी तक जबलपुर से प्रत्येक दिन उड़ान भरने वाला इंडिगो का विमान अब हफ्ते में चार दिन ही जबलपुर से उड़ान भरेगा. इंडिगो ने जो अपना नया शेड्यूल जारी किया है उसके मुताबिक 16 जून से 30 जून के बीच इन उड़ानों पर असर देखने मिलेगा.
42 से घटकर 36 रह जाएंगी उड़ान
जबलपुर से अभी तक सप्ताह में मुंबई, दिल्ली और इंदौर के साथ ही बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए कुल 42 उड़ानें होती थी जो घटकर अब 36 रह जाएंगी. इंडिगो का विमान मुंबई से जबलपुर के लिए सप्ताह में चार दिन मंगलवार शुक्रवार, शनिवार और रविवार को उड़ान भरेगा. इसके अलावा जबलपुर से बेंगलुरु फ्लाइट का सप्ताह में केवल चार दिन सोमवार, बुधवार, शनिवार और रविवार को उड़ान भरेगी.
विमान कंपनियों का क्या कहना है?
विमान कंपनियों का तर्क है कि आने वाले समय में अगर हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ती है और ईंधन खर्च कम होता है तो फिर से उड़ानों में बढ़ोतरी की जाएगी. लेकिन फिलहाल ईंधन के दाम लगातार बढ़ने से फ्लाइट का खर्च उठाना महंगा पड़ रहा है जिसकी वजह से फ्लाइट की संख्या कम की गई है. अगर भविष्य में ईंधन के दाम कम नहीं होते हैं तो यह मानकर चलिए की उड़ानों की संख्या में भी इजाफा नहीं होने वाला है. जिसकी वजह से जबलपुर से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के लिए हवाई यात्रा मुश्किलों में पड़ जाएगी.
ये भी पढ़ें: ‘सुधर जाओ, नहीं तो ठीक नहीं होगा…’, दमोह मंडी में अव्यवस्था पर भड़के कलेक्टर, किसानों की सुनी समस्या
यात्रियों की जेब पर असर
विमान कंपनी न केवल फ्लाइटों में कटौती की है बल्कि किराए में भी बढ़ोतरी कर दी है. मुंबई, दिल्ली, बैंगलोर, इंदौर और हैदराबाद की हवाई यात्रा करना महंगा साबित हो रहा है. हर यात्रा में 4 से 8000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसकी वजह से हवाई यात्रियों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है.