Morena News/मनोज शर्मा: मुरैना क्षेत्र में संचालित टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्रियां मजदूरों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही हैं. ताजा मामला लोहागढ़ स्थित सलोनी सॉल्वेंट फैक्ट्री का सामने आया है, जहां फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर दीपेंद्र सविता गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया है कि फैक्ट्री में बॉयलर फटने से यह हादसा हुआ.
अचानक बॉयलर फट गया
घायल मजदूर दीपेंद्र सविता पिता रामनिवास सविता निवासी छोंदा टोल प्लाजा, मुरैना मजदूरी करने फैक्ट्री पहुंचे थे. आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के चलते अचानक बॉयलर फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए घायल मजदूर को गुपचुप तरीके से ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया.
अस्पताल में भी नहीं मिल रहा है उचित इलाज
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में घायल को उचित उपचार नहीं मिल रहा था. इसी बात को लेकर अस्पताल में हंगामा हुआ. मामले की जानकारी विधायक के भाई संजय छावई को फोन पर दी गई, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर तथा उसके परिजनों की समस्याएं सुनीं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले भी इसी तरह के बॉयलर हादसे में चार मजदूरों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन हर बार कुछ दिनों बाद मामले को भूल जाता है. आरोप है कि फैक्ट्री संचालक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर मनमानी तरीके से काम करा रहे हैं, जिससे मजदूरों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है.
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसी फैक्ट्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak: पेपर लीक मामले में आरोपी छात्र गिरफ्तार, सीहोर की सत्यसाई यूनिवर्सिटी से जुड़ा कनेक्शन
