Vistaar NEWS

MP हाई कोर्ट के जस्टिस 3 किमी साइकिल चलाकर पहुंचे अदालत, PM की अपील पर किया अमल, लोगों ने की तारीफ

mp high court justice dd bansal rode a bicycle after pm modi appeal

जबलपुर: साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे जस्टिस डीडी बंसल

MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब देश की न्यायपालिका में भी दिखाई देने लगा है.. जबलपुर में मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे और आम लोगों को बड़ा संदेश दिया.

3 किमी का सफर साइकिल से तय किया

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीशों का एक अलग प्रोटोकॉल होता है. उनकी सुरक्षा और निजता का विशेष ख्याल रखा जाता है लेकिन जब देश की बात आती है तो न्यायाधीश भी देश के लिए आगे खड़े रहते हैं. जबलपुर में ऐसा ही नजर सामने आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की तो न्यायाधीश भी इस अपील का पालन करते नजर आए. फॉलो गाड़ियां और पुलिस की गाड़ियों को छोड़कर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश सड़क पर साइकिल से ही हाई कोर्ट तक पहुंच गए.

जबलपुर की व्यस्त सड़कों पर उस वक्त लोग हैरान रह गए. जब मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाते हुए कोर्ट पहुंचते नजर आए. जस्टिस डीडी बंसल ने सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास पचपेढ़ी से मध्यप्रदेश हाई कोर्ट तक करीब 3 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया.

पीएम की अपील पर किया अमल

देश में पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद जस्टिस बंसल पहली बार साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे. उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, लोगों को छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए ताकि तेल की बचत हो सके और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे. जस्टिस बंसल के साथ कोर्ट का एक कर्मचारी भी साइकिल चलाते हुए नजर आया, जिसने उनका बैग, टिफिन और जरूरी सामान साथ रखा. जस्टिस बंसल ने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से मिली. जिन्होंने सादगी और जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने का संदेश दिया.

ये भी पढ़ें: MP News: कटनी में बेखौफ बदमाश! चोरों ने सेंध लगाकर 50 मोबाइल किए चोरी, लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी

जस्टिस बंसल की यह पहल अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं. एक ओर जहां लोग छोटी-छोटी दूरियों के लिए भी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं. वहीं हाई कोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल ने साइकिल चलाकर यह साबित कर दिया कि बदलाव की शुरुआत खुद से करनी होती है.

Exit mobile version