MP News: करोड़ों का माल, कौड़ियों के दाम! 250 टन कबाड़ को 40 साल पुराने रेट पर बेचने की तैयारी, जल संसाधन विभाग पर उठे सवाल
250 टन कबाड़
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना में जल संसाधन विभाग की ई एंड एम शाखा में करीब 250 मीट्रिक टन लोहे के कबाड़ के निस्तारण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि विभाग करोड़ों रुपये कीमत के कबाड़ को 40 साल पुराने रेट पर बेचने की तैयारी कर रहा है. यदि ऐसा होता है तो शासन को लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है.
चंबल कॉलोनी स्थित स्टोर में पड़ा है भारी मात्रा में कबाड़
जानकारी के अनुसार, चंबल कॉलोनी स्थित विभागीय स्टोर में वर्षों से भारी मशीनरी, उपकरण और लोहे का कबाड़ पड़ा हुआ है. वर्तमान बाजार में लोहे के कबाड़ की कीमत 30 से 45 रुपये प्रति किलो बताई जा रही है. इस आधार पर 250 टन कबाड़ का मूल्य 75 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है.
निविदा प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल
मामले में आरोप है कि नियमों के तहत खुली निविदा प्रक्रिया अपनाने के बजाय पुराने मूल्यांकन के आधार पर कबाड़ के निस्तारण की तैयारी की जा रही है. इससे पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और विभागीय कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है. आरोप यह भी है कि करोड़ों रुपये के माल को बेहद कम कीमत पर बेचने की कोशिश की जा रही है.
मंत्री और कलेक्टर ने दिए जांच के संकेत
मामला सामने आने के बाद जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है. वहीं, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने भी शिकायत मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है.
किसके फायदे के लिए हो रहा है करोड़ों के कबाड़ का सौदा?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये मूल्य के इस कबाड़ का सौदा आखिर किसके फायदे के लिए किया जा रहा है. साथ ही यह भी देखना होगा कि जांच में पूरे मामले का सच सामने आता है या नहीं. यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला सरकारी संपत्ति के निस्तारण में बड़े स्तर पर अनियमितता का उदाहरण बन सकता है.
मामले को लेकर एसडीओ अजय शंकर दुबे से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ.
ये भी पढे़ं- मंदसौर में स्कूल के नाम पर चल रहा था अवैध मदरसा, केवल मुस्लिम छात्राओं को पढ़ाया जा रहा था, FIR दर्ज करने के निर्देश