किसानों को लेकर दिए बयान पर BJP सांसद जनार्दन मिश्रा ने मांगी माफी, बोले- मैं खुद किसान परिवार से हूं
जनार्दन मिश्रा
Janardan Mishra on Farmers: रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने अपने बिगड़े बोल पर माफी मांग ली है. गोवर्धन पूजा के दिन किसानों को लेकर दिए गए बयान पर खेद जताया है. दरअसल, बीजेपी नेता ने वीडियो जारी कर कहा कि मेरे बयान से किसान भाइयों को आघात पहुंचा हो तो मैं क्षमा मांगता हूं. किसानों का अपमान करने या उन्हें ठेस पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं था.
सांसद ने मांगी माफी
सांसद ने कहा कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया.गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मैं किसानों के बीच उनकी समस्याओं और गांव के हालात पर चर्चा करने गया था, वहां कही गई बात को गलत ढंग से समझा गया. यही नहीं, सांसद ने यह भी कहा कि मैं खुद किसान परिवार से हूं, किसानों की समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों से भली-भांति परिचित हूं. किसानों के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा हूं और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहूंगा.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, सांसद जनार्दन मिश्रा मऊगंज में गोवर्धन पूजा के दिन एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. सांसद जी भाषण दे रहे थे, और बातों ही बातों में उन्होंने बड़ा बयान दे दिया. जनार्दन मिश्रा ने कहा कि, किसान केवल 3 महीने ही मेहनत करते हैं. बाकि के 9 महीने किसान ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी, जय भोले का सेवन कर बिताते हैं. विधायक यहां नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि मैं यह कहता हूं कि खेती में कुछ नहीं है. इसके बाद सांसद का बयान सुर्खियों में आ गया .
किसान भड़के थे
सांसद के इस बयान पर किसान काफी गुस्सा हुए थे. सोशल मीडिया पर कमेंट किया गया कि, . बीज बोने से लेकर फसल काटने तक, सिंचाई, कीटनाशक छिड़कने, मंडी में बेचने और कर्ज चुकाने तक 365 दिन लग जाते हैं. वहीं, कई लोगों ने कमेंट्स में सांसद को चुनौती भी दी कि एक दिन वे धूप में खेती का काम करके दिखाएं.



