रीवा: जनार्दन मिश्रा के बयान पर कांग्रेस का प्रदर्शन, घर का घेराव करने की कोश‍िश, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Rewa News: रीवा में प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा के आवास का घेराव करने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे.
Congress's performance

कांग्रेस का प्रदर्शन

Rewa News: मध्य प्रदेश में किसानों को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है. रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को रीवा में प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद के आवास का घेराव करने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.

सांसद आवास की ओर बढ़े कांग्रेस कार्यकर्ता

विवाद के विरोध में प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान शुक्रवार दोपहर रीवा पहुंचे. उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद आवास की ओर रवाना हुए. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं के पीछे नहीं हटने से मौके पर तनाव बढ़ गया.

वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमालहालात को काबू में करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा. इसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की गई. घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही.

किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस: चौहान

प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सांसद जनार्दन मिश्रा की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों को नशेड़ी बताना देश के अन्नदाताओं का अपमान है. उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं. ऐसे में उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती. चौहान ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसानों के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी.

भाजपा सांसद से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा से इस्तीफा देने की मांग की है. चौहान ने चेतावनी दी कि यदि सांसद स्वयं इस्तीफा नहीं देते हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे. सांसद की टिप्पणी को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने में जुटी है.

सांसद ने बयान के दी थी सफाई

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने मऊगंज में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम में कहा था कि किसान साल में केवल 3 महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी 9 महीने ताश खेलने, राजश्री, शराब, चोंगी और जय भोले का सेवन करने में बिताते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि खेती में कुछ नहीं रखा है. बयान पर विवाद बढ़ने के बाद सांसद ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उन्होंने कहा कि वह खुद किसान परिवार से हैं और किसानों की समस्याओं व आर्थिक कठिनाइयों को समझते हैं. वह हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहेंगे.

📺 Vistaar News Live TV