मऊगंज में बारिश का कहर! कमिश्नर-कलेक्टर ने संभाला मोर्चा, अष्टभुजी मंदिर के पास फंसे 03 मजदूरों को SDRF ने किया रेस्क्यू
मऊगंज: कलेक्टर-कमिश्नर ने संभाला मोर्चा
Mauganj News: मऊगंज जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नदी-नालों को उफान पर ला दिया है. कई गांवों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया. रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों के साथ वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव व्यवस्था की समीक्षा की और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
नईगढ़ी में जलभराव ने बढ़ाई चिंता
नईगढ़ी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्य में जरा भी देरी नहीं करने के निर्देश दिए. प्रशासन को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ते ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए.
स्कूल-पंचायत भवन बनेंगे राहत शिविर
प्रशासन ने संभावित संकट को देखते हुए स्कूलों, पंचायत भवनों और आंगनवाड़ी केंद्रों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए हैं. राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा सहित आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ये भी पढ़ें: Mauganj News: बाढ़ का तांडव या सिस्टम की नाकामी? तेज बहाव में घंटों फंसे रहे मजदूर, एक बहा
अष्टभुजी मंदिर के पास फंसी तीन जिंदगियां
नईगढ़ी थाना क्षेत्र में अष्टभुजी मंदिर के पास निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट में तेज बहाव के बीच तीन मजदूर फंस गए. सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने कड़ी मशक्कत कर तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद कमिश्नर और कलेक्टर ने मजदूरों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को आवश्यक उपचार के निर्देश दिए.
नदी-नालों से दूर रहें लोग – कलेक्टर की अपील
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें. उन्होंने कहा कि जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: रीवा-मऊगंज में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, बिजली केंद्र डूबने से बत्ती गुल, कई परिवार छतों पर फंसे
हर मोर्चे पर प्रशासन की निगरानी
कमिश्नर और कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए, जलस्तर की पल-पल जानकारी ली जाए और ग्रामीणों को समय-समय पर स्थिति से अवगत कराया जाए. प्रशासन, पुलिस और बचाव दलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. निरीक्षण के दौरान SDM मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, CEO, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.