MP News: मऊगंज में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, करोड़ों का माल जब्त, रीवा से मुंबई तक नेटवर्क की जांच
मऊगंज में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़
MP News: मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में पुलिस ने कथित तौर पर एमडी ड्रग्स बनाने की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर नशे के अवैध कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इस कार्रवाई को रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत के नशा विरोधी अभियान का बड़ा परिणाम माना जा रहा है. पुलिस की इस छापेमारी के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
किराए के मकान में चल रही थी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, बिझौली गांव में साहू के किराए के मकान में लंबे समय से कथित रूप से एमडी ड्रग्स तैयार करने का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था. सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में तैयार एमडी ड्रग्स, ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल, एसिड तथा लैब में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए.
करोड़ों का माल जब्त, चार आरोपी हिरासत में
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने एक फोर-व्हीलर वाहन सहित करोड़ों रुपये मूल्य के ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है. जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और उसके वास्तविक मूल्य का आकलन किया जा रहा है.
रीवा से मुंबई तक फैले नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर यह संकेत मिले हैं कि इस गिरोह का नेटवर्क रीवा संभाग से लेकर मुंबई तक फैला हो सकता है. पुलिस इस एंगल पर गहन जांच कर रही है कि ड्रग्स का निर्माण कहां-कहां सप्लाई के लिए किया जा रहा था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं. कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं.
एसपी सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मऊगंज पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में की. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां तथा बड़े खुलासे हो सकते हैं. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी.
नशे के कारोबार पर बड़ा संदेश
इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस अब पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है. यदि जांच में सामने आए प्रारंभिक तथ्य सही साबित होते हैं, तो यह मऊगंज ही नहीं, बल्कि पूरे रीवा संभाग में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक मानी जाएगी.
ये भी पढे़ं- MP News: मऊगंज में सौर ऊर्जा परियोजना में लाखों की गड़बड़ी, जेई निलंबित, पत्नी पर FIR