मऊगंज में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, थाने के सामने तलघर में मिला शव
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे में घायल होकर अस्पताल में भर्ती कराया गया 28 वर्षीय युवक दो दिन बाद थाने के सामने एक इमारत के तलघर में मृत मिला. मृतक उत्तर प्रदेश के महोबा का रहने वाला था. परिजन दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे. आखिर अस्पताल में भर्ती युवक वहां से कब और कैसे निकला? वह थाने के सामने बने तलघर तक कैसे पहुंचा? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच में सामने आएंगे.
दरअसल, यह पूरा मामला 17 अक्टूबर की रात का है. जानकारी के मुताबिक, बिजेंद्र कोल रिश्तेदारी में जाने के लिए निकला था. रात करीब 11 बजे दिघवार के बराती मोड़ के पास उसका सड़क हादसा हो गया. सूचना मिलने पर लौर पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायल युवक को सिविल अस्पताल मऊगंज में भर्ती कराया था.
परिजन तलाश में जुटे थे
इधर, परिजन बिजेंद्र की तलाश कर रहे थे. सोमवार, 19 अक्टूबर को वे लौर थाने पहुंचे, जहां उन्हें हादसे की जानकारी मिली. इसके बाद परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे. बताया गया कि युवक की चोटों पर मलहम-पट्टी की गई थी, लेकिन बाद में वह अस्पताल से चला गया.
बिल्डिंग के तलघर में मिला शव
अस्पताल में युवक का पता नहीं चलने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे. इसी बीच मऊगंज थाने के सामने स्थित एक बिल्डिंग के तलघर में शव मिलने की जानकारी सामने आई. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बिजेंद्र कोल के रूप में की. परिजनों के अनुसार, उसके सिर के पीछे चोट के निशान थे.
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. युवक की मौत कैसे हुई, वह तलघर तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और अस्पताल से निकलने के बाद उसके साथ क्या हुआ-इन सवालों के जवाब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.
ये भी पढ़ेंः ‘सीना ठोककर कहता हूं, हराकर नहीं भेजा तो…’, सीएम योगी को नगीना सांसद की खुली चुनौती