मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर! 15 मौतों के बाद CM मोहन का एक्‍शन, सभी दुकानें सील

Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के कारण अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है.  मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी हकरत में आ गया.
SAGAR News

Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के कारण अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है.  मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी हकरत में आ गया. आसपास के इलाकों की सभी शराब दुकानों को सील करा द‍िया गया है. इसके साथ ही सभी दुकानों से सैंपल लिए जा रहे हैं. जिनकी जांच की जाएगी. सीएम ने पूरे मामले पर कठोर कार्रवाई के निर्देश द‍िए हैं.

प्रशासन की मानें तो करीब 25 से ज्‍यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. इन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है. अध‍िकार‍ियों की मानें तो मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ने की आशंका है.

सीएम मोहन बोले सख्‍त होगी कार्रवाई

सागर दूषित शराब पर सीएम मोहन यादव का भी बयान सामने आया है, उन्‍होंने  प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही आरोपियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई होने की बात कही है. सीएम ने साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं जाएगी.

बंडा में अवैध जहरीली शराब पीने का मामला: नौराज और गूगरा खुर्द सीन‍ियर अध‍िकारी मौके पर पहुंच चुके हैं. ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद हैं.

आसपास के कई इलाकों की शराब दुकानें सील

प्रशासन ने एहतिहातन तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा की दुकानें सील की गईं हैं. इसके साथ ही यहां मौजूद सभी दुकानों सैंपलिंग भी जारी है. प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आख‍िर जहरीली शराब कहां से आई?

प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार के लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं.

ड‍िप्‍टी सीएम ने भी जताया दुख

पूरे मामले पर प्रदेश के ड‍िप्‍टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी दुख जाह‍िर किया है. उन्‍होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सागर  जिले के बंडा शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के कारण कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त मौके पर पहुंच रहे हैं.

आगे कहा कि हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए हैं.सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित जन के साथ हैं.

ये भी पढ़ें: सागर में 15 लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप, दूषित शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका

ज़रूर पढ़ें