Sagar Doctors at Liquor Shops: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अनोखी पहल शुरू की है. शराब की दुकानों के बाहर सरकारी डॉक्टर्स बिठाए गए हैं, जो शराब खरीदने जाने वाले ग्राहकों का हेल्थ चेकअप कर रहे हैं. पहले स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है. इसके बाद में दारू खरीदने दी जा रही है. अब ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
दरअसल, सितंबर महीने में जहरीली शराब पीने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. इस महीने भी तीन लोगों की मौत हो चुकी है. इन दुर्घटनाओं को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने विशेष मुहिम शुरू की है. हर दिन शराब के ठेके पर पहुंचने वाले ग्राहकों की जांच की जा रही है.
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
सागर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाए जा रहे हैं. इनमें बंडा के बिनायका और मगरधा क्षेत्रों से लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं. इसके साथ ही शहरी क्षेत्र के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ में अभियान चलाया जा रहा है. CMHO देवेश पटेरिया का कहना है कि रोजाना शराब पीने वालों स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. आबकारी विभाग स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कर रहा काउंसलिंग की जा रही है.
उन्होंने आगे कहा कि कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश के बाद जांच की जा रही है. ब्लड का सैंपल लिया जा रहा है. इसके साथ ही लक्षणों के अनुसार दवा दी जा रही है. अब तक जिले में दो दर्जन से अधिक सैंपलिंग हो चुकी है. देवरी वृत्त में भी कार्रवाई की जा रही है.
शराब छोड़ने के प्रेरित किया जा रहा है
जानकारी के अनुसार अब तक ऐसे 200 लोगों को चिह्नित किया गया है, जो नियमित शराब खरीदने पहुंचते हैं. दुकानों के बाहर ही सरकारी डॉक्टर्स ने डेरा डाल रखा है. पहले चेकअप किया जा रहा है और ब्लड सैंपल कलेक्ट किया जा रहा है. बाद में दारू खरीदने की परमिशन दी जा रही है. लिवर और RFT टेस्ट किया जा रहा है. लोगों को शराब की लत छोड़ने की समझाइश दी जा रही है.
