MP Weather Update: एमपी में पारा 37 डिग्री पार, मार्च शुरू होते ही बढ़ी गर्मी, 40 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम खबर
MP Weather Update: मार्च की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से दिखाई देने लगा है. प्रदेश में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. होली के दिन बुधवार को कई जिलों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जबकि रात का तापमान लगभग 19 डिग्री के आसपास रहा. सबसे ज्यादा गर्मी इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में महसूस की गई, वहीं भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी दिन के समय तेज गर्मी रही.
अगले 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है. इस दौरान दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. उन्होंने बताया कि 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना भी जताई जा रही है.
40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. यदि ऐसा हुआ तो मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
होली पर तेज धूप, कई जिलों में बढ़ा पारा
होली के दिन पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली. कहीं भी बादल या बारिश नहीं होने के कारण गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया. नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा धार, रतलाम और सागर जैसे जिलों में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया.
अधिकांश जिलों में 35 डिग्री से ऊपर रहा तापमान
गुना, दमोह, खंडवा, टीकमगढ़, खजुराहो, खरगोन, श्योपुर और मंडला जैसे जिलों में भी तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा. प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में ही तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि बाकी शहरों में पारा इससे ऊपर बना रहा.
दिन के साथ रातें भी हो रही गर्म
दिन के साथ-साथ प्रदेश में रातें भी गर्म होने लगी हैं. मंगलवार और बुधवार की रात बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया. इनमें धार की रात सबसे गर्म रही, जहां तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
ये भी पढे़ं- MP में स्मारकों और संग्रहालयों के लिए टिकट की ऑनलाइन बुकिंग से बड़ा फायदा, 30 प्रतिशत संख्या बढ़ी