MP News: 16 फरवरी से बजट सत्र, विधानसभा के आसपास धरना प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध, धारा- 163 रहेगी लागू
मध्य प्रदेश विधानसभा(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. यह सत्र 6 मार्च तक चलेगा. बजट सत्र के साथ ही विधानसभा के आसपास धरना प्रदर्शन करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. धारा- 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तहत आदेश जारी किया गया है. ये आदेश भोपाल पुलिस कमिश्नर ने जारी किया है.
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने कमिश्नर ने आदेश जारी करते हुए सख्त हिदायत दी है. पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि धारा 163 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं.
तीसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार
मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा. इस दौरान सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तीसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी. वित्त विभाग के अधिकारियों के अनुसार अनुपूरक बजट की राशि 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है. हालांकि, इसका आकार पिछले वर्षों की तुलना में अपेक्षाकृत छोटा रहेगा.
‘जीरो बेस्ड बजट’ के कारण छोटा बजट!
वित्त विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अनुपूरक बजट का आकार छोटा रहने का प्रमुख कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट ‘जीरो बेस्ड बजट’ प्रक्रिया के तहत तैयार किया जाना है. इस प्रक्रिया में बजट अनुमान शून्य से शुरू किए गए और पूर्व वर्षों के व्यय को आधार नहीं बनाया गया. सभी विभागों की चल रही और प्रस्तावित योजनाओं का बारीकी से मूल्यांकन कर वास्तविक जरूरत के अनुसार बजट प्रावधान किए गए. इसी वजह से अधिकांश विभागों ने अनुपूरक बजट में अतिरिक्त राशि की मांग नहीं की.
ये भी पढे़ं: MP News: ‘विधायक प्रदीप पटेल लापता नहीं, तीर्थ यात्रा पर गए हैं’, राज्यमंत्री राधा सिंह के बयान पर सियासी घमासान