देवास TI हत्याकांड का मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल गिरफ्तार, पुलिस ने गुजरात से दबोचा
आरोपी मनीष जायसवाल
Dewas TI Murder Case: मध्य प्रदेश के देवास टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे आरोपी मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष अवैध शराब के नेटवर्क का मुख्य भागीदार है. पुलिस मनीष को गिरफ्तार करके देवास ला रही है और अब उससे पूरी घटना की पूछताछ की जाएगी.
2 नवंबर को हुई थी घटना
घटना 2 नवंबर को इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई, जहां करीब 1,800 लीटर अवैध शराब लेकर जा रहे ट्रक को रोकने के दौरान पुरी की मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल घायल हो गया था. पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनमें शराब तस्करी सिंडिकेट का कथित सरगना राहुल जायसवाल और ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत भी शामिल हैं. वहीं, मामले में एक अन्य संदिग्ध मोहिन जायसवाल की फरार रहने के दौरान ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई थी.
राहुल जायसवाल कथित तौर पर करता था नेटवर्क का संचालन
पुलिस जांच के मुताबिक, राहुल जायसवाल कथित तौर पर शराब तस्करी के इस नेटवर्क का संचालन करता था. वह हरदा जिले की तीन लाइसेंस प्राप्त शराब दुकानों से शराब खरीदता था. इसके बाद बिक्री से मिलने वाली रकम एकत्र कर अपने साथियों के बीच बांट देता था. गुजरात ले जाई जा रही शराब की खेप के बारे में गुप्त सूचना मिलने पर दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ ट्रक को रोकने पहुंचे थे.
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, थाना प्रभारी ने ट्रक रुकवाकर चालक से पूछताछ करने की कोशिश की. इसी दौरान चालक ने मौके से भागने के लिए ट्रक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया. इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना ने अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.



